देश की खबरें | अमरिंदर ने पंजाब में स्थिति के खराब होने की आशंका जताई, पर लॉकडाउन के पक्ष में नहीं
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने राज्य में कोरोना वायरस की स्थिति के खराब होने की आशंका व्यक्त करते हुए सोमवार को कहा कि वह कोविड-19 के कारण उपजे हालात से निपटने के लिए लॉकडाउन लगाने के पक्ष में नहीं हैं।
चंडीगढ़, 26 अप्रैल पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने राज्य में कोरोना वायरस की स्थिति के खराब होने की आशंका व्यक्त करते हुए सोमवार को कहा कि वह कोविड-19 के कारण उपजे हालात से निपटने के लिए लॉकडाउन लगाने के पक्ष में नहीं हैं।
मुख्यमंत्री ने यह टिप्पणी एक बैठक में की है। इससे एक दिन पहले राज्य में सात हजार से अधिक नए मामले सामने आए थे जो पिछले साल महामारी के प्रकोप के शुरू होने के बाद एक दिन में सर्वाधिक हैं।
सिंह ने बताया कि हालात और बिगड़ने का अंदेशा है, खासकर दक्षिण पंजाब में। उन्होंने कहा कि सिर्फ लुधियाना में रविवार को 1300 से ज्यादा मामले आए थे।
एक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने कहा कि मामलों में वृद्धि से निपटने के लिए कड़े उपाय किए जा रहे हैं किंतु वह राज्य में लॉकडाउन का प्रस्ताव नहीं कर रहे हैं, क्योंकि इससे आर्थिक परेशानियां आती हैं और प्रवासी मजदूरों का पलायन होता है।
सिंह ने एक अन्य बैठक में कहा कि राज्य सरकार ऑक्सीजन के अपने घटते भंडारण को भरने के लिए ऑक्सीजन को हासिल करने के सभी प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन के 105 टन के कोटा में से, राज्य को सिर्फ 85 टन ऑक्सीजन मिल रही और बाकी पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ भेजी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कोविड रोधी टीके की आपूर्ति के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को केंद्र के साथ संपर्क में रहने का निर्देश दिया है।
इस बीच सेना की पश्चिमी कमान ने राज्य के निष्क्रिय पड़े ऑक्सीजन संयंत्रों को फिर से परिचालन योग्य बनाने आश्वासन दिया है।
पश्चिमी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टीनेंट जनरल आर पी सिंह ने मुख्यमंत्री के साथ एक ऑनलाइन बैठक में 100 बिस्तरों के कोविड केंद्र को चलाने के लिए कर्मी उपलब्ध कराने की पेशकश की है। इस केंद्र को वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद द्वारा राज्य सरकार से ली गई एक इमारत में स्थापित किए जाने का प्रस्ताव है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 26, 2021 06:35 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

