देश की खबरें | लापता बांग्लादेशी सांसद के शव के टुकड़ों से भरे ट्रॉली बैग का पता लगाना लगभग असंभव: बंगाल पुलिस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल सीआईडी (अपराध जांच विभाग) के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को कहा कि बांग्लादेश के सांसद अनवारुल अजीम अनार के शव के टुकड़ों से भरे ट्रॉली बैग को ढूंढना लगभग असंभव प्रतीत होता है, क्योंकि उन्हें लापता हुए 22 दिन हो चुके हैं।
कोलकाता, छह जून पश्चिम बंगाल सीआईडी (अपराध जांच विभाग) के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को कहा कि बांग्लादेश के सांसद अनवारुल अजीम अनार के शव के टुकड़ों से भरे ट्रॉली बैग को ढूंढना लगभग असंभव प्रतीत होता है, क्योंकि उन्हें लापता हुए 22 दिन हो चुके हैं।
एक अधिकारी ने कहा, ‘‘उन्हें लापता हुए 22 दिन हो चुके हैं। ऐसा लगता है कि ट्रॉली बैग का पता लगाना लगभग असंभव होगा। फिर भी, हमारे अधिकारी खोज जारी रखेंगे... हम बांग्लादेश पुलिस के जांचकर्ताओं से बात करने के बाद जल्द ही इस पर निर्णय लेंगे।’’
तमाम चुनौतियों के बावजूद जांचकर्ताओं ने बांग्लादेशी सांसद के शव के टुकड़ों की तलाश न्यू टाउन इलाके में और इसके आसपास जारी रखी। पुलिस न्यू टाउन के उस फ्लैट से प्राप्त उंगलियों के निशान का मिलान करने की योजना बना रही है, जहां बांग्लादेशी सांसद की कथित रूप से हत्या की गई थी।
लापता सांसद कथित तौर पर इलाज कराने के लिए 12 मई को कोलकाता पहुंचे थे। उनकी तलाश छह दिन बाद तब शुरू हुई जब उत्तरी कोलकाता के बारानगर के निवासी और बांग्लादेशी राजनेता के परिचित गोपाल विश्वास ने 18 मई को स्थानीय पुलिस में शिकायत दर्ज करायी।
अनार यहां आने के बाद विश्वास के घर पर रुके थे। अपनी शिकायत में विश्वास ने कहा कि अनार 13 मई की दोपहर को चिकित्सक से मिलने के लिए अपने बारानगर आवास से निकले। उन्होंने कहा था कि वह रात के खाने के लिए (विश्वास के) घर वापस आएंगे।
विश्वास ने दावा किया कि बांग्लादेश के सांसद से 17 मई से संपर्क नहीं हुआ था। इस वजह से उन्होंने इसके एक दिन बाद गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 07, 2024 12:08 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

