ताजा खबरें | कश्मीरी पंडितों के पुनर्वास के लिए 20,000 करोड़ रुपये आवंटित करें : संजय सिंह ने रास में कहा

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. आम आमी पार्टी के सदस्य संजय सिंह ने मंगलवार को राज्यसभा में सरकार से मांग की कि वह कश्मीरी पंडितों के पुनर्वास के लिए 20,000 करोड़ रुपये का आवंटन करे।

नयी दिल्ली, 29 मार्च आम आमी पार्टी के सदस्य संजय सिंह ने मंगलवार को राज्यसभा में सरकार से मांग की कि वह कश्मीरी पंडितों के पुनर्वास के लिए 20,000 करोड़ रुपये का आवंटन करे।

राज्यसभा में वित्त विधेयक 2022 और विनियोग विधेयक पर एक साथ हो रही चर्चा में हिस्सा ले रहे संजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष द्वारा मुख्यमंत्री को ‘‘अपशब्द’’ कहे जाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने ‘‘भाजपा की संस्कृति’’ को लेकर सवाल किया जिसके बाद उनके और भाजपा सांसद जीवीएल नरसिम्हा राव के बीच तीखी बहस भी हुई।

राव तथा भाजपा के अन्य सदस्यों ने भी संजय सिंह के कथन पर आपत्ति जताई । पीठासीन अध्यक्ष सुखेन्दु शेखर राय ने दोनों पक्षों से शांत रहने तथा चर्चा को आगे बढ़ाने के लिए कहा।

सिंह ने कहा कि दिल्ली की अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली सरकार ने हाल ही में बजट पेश किया जिसमें शिक्षा के लिए 22 प्रतिशत और सड़क, परिवहन तथा स्वास्थ्य के क्षेत्र के लिए 13-13 प्रतिशत की राशि तय की गई है।

उन्होंने कहा ‘‘हम बजट की चार प्रतिशत राशि में से दिल्ली के लोगों को 300 यूनिट बिजली मुफ्त मुहैया कराते हैं। अरविंद केजरीवाल से कुछ सीखिये। आप क्या करते हैं.... फिल्म के पोस्टरों पर राजनीति।’’

उन्होंने कहा ‘‘ कश्मीरी पंडितों की पीड़ा का मजाक बनाना बंद कर इस बजट में प्रावधान कीजिये कि आपकी सरकार कश्मीरी पंडितों के पुनर्वास के लिए 20,000 करोड़ रुपये खर्च करेगी।’’

आप सदस्य ने कहा कि उन्होंने प्रस्ताव रखा था कि सभी सांसदों को उनकी एक साल की सांसद क्षेत्र विकास निधि (एमपीलैड फंड) को कश्मीरी पंडितों के पुनर्वास के लिए खर्च करना चाहिए।

सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार को पूंजीपति चला रहे हैं और सरकार ने कारपोरेट जगत के लिए कर घटाए लेकिन कर्मचारियों के लिए नहीं।

चर्चा के दौरान भाकपा सदस्य बिनय विश्वम ने कहा कि सार्वजनिक संपत्तियों को बेचने की सरकार की नीतियों के विरोध में इस साल नवंबर में आरएसएस समर्थित भारतीय मजदूर संघ एक रैली निकालने जा रहा है।

विश्वम ने कहा ‘‘देश बेचने के लिए नहीं है। देश की आत्मा और दिल बेचने के लिए नहीं है। आप इसे एफडीआई के लिए बेच रहे हैं। वे (विदेशी कंपनियां) आते हैं और देश को लूटते हैं। आप उनके लिए रास्ता बनाते हैं और कहते हैं कि ‘भारत माता की जय’। आप ‘भारत माता की जय’ कहिये लेकिन दिल से कहिये।’’

उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने आत्मनिर्भर भारत को विदेशी कोष के आगे समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा ‘‘हम भी आत्मनिर्भर भारत के समर्थन में हैं लेकिन यह निजीकरण से या एफडीआई से नहीं होना चाहिए।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\