देश की खबरें | त्रिपुरा में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण उपचुनाव के लिए सभी कदम उठाए गए हैं : सीईओ

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. त्रिपुरा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) पुंजीत अग्रवाल ने कहा कि धनपुर और बोक्सानगर विधानसभा क्षेत्रों में पांच सितंबर को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण उपचुनाव सुनिश्चित करने के लिए सभी संभव कदम उठाए गए हैं।

अगरतला, 11 अगस्त त्रिपुरा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) पुंजीत अग्रवाल ने कहा कि धनपुर और बोक्सानगर विधानसभा क्षेत्रों में पांच सितंबर को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण उपचुनाव सुनिश्चित करने के लिए सभी संभव कदम उठाए गए हैं।

सीईओ ने बृहस्पतिवार को राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक के साथ बैठक कर उपचुनाव की तैयारियों पर चर्चा की। धनपुर और बोक्सानगर विधानसभा उपचुनाव की अधिसूचना जारी हो गई है।

अग्रवाल ने बृहस्पतिवार को संवाददाताओं से कहा, ‘‘दो विधानसभा क्षेत्रों के लिए होने वाले उपचुनाव के मद्देनजर रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त कर दिए गए हैं। उपचुनाव कराने के लिए आवश्यक अतिरिक्त सुरक्षाबलों की मांग का प्रस्ताव भारतीय निर्वाचन आयोग को भेज दिया गया है।’’

अग्रवाल ने बताया कि आदर्श आचार संहिता केवल चुनाव वाले सिपाहीजला जिले में लागू हुई है। उन्होंने कहा कि पारदर्शी उपचुनाव सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र को वेबकास्टिंग के तहत लाया जाएगा।

उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 17 अगस्त है। नामांकन की जांच 18 अगस्त को होगी और नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 21 अगस्त होगी। वोटों की गिनती आठ सितंबर को की जाएगी।

केंद्रीय राज्य मंत्री (एमओएस) प्रतिमा भौमिक के इस्तीफा देने के बाद धनपुर विधानसभा सीट खाली हो गई है, जबकि बोक्सानगर निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव जीतने वाले मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के समसुल हक का जुलाई में निधन हो गया था। इस कारण इन दोनों सीटों पर उपचुनाव कराया जा रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\