सभी निर्धारित व्यावसायिक यात्री उड़ानें 31 मई तक स्थगित
नागर विमानन महानिदेशालय ने कहा, ‘‘आने वाले समय में विदेशी और घरेलू एअरलाइनों को उड़ान शुरू करने के बारे में सूचित कर दिया जाएगा।’’
नयी दिल्ली, 17 मई केंद्र सरकार द्वारा कोरोना वायरस के चलते लॉकडाउन के विस्तार की घोषणा के कुछ घंटे बाद भारतीय विमानन नियामक डीजीसीए ने कहा कि सभी निर्धारित व्यावसायिक यात्री उड़ानों को 31 मई की मध्यरात्रि तक निलंबित कर दिया गया है।
नागर विमानन महानिदेशालय ने कहा, ‘‘आने वाले समय में विदेशी और घरेलू एअरलाइनों को उड़ान शुरू करने के बारे में सूचित कर दिया जाएगा।’’
भारत में सभी व्यावसायिक यात्री उड़ान 25 मार्च से निलंबित हैं, जब कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए लॉकडाउन लागू किया गया था।
नियामक ने रविवार को कहा कि सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय निर्धारित व्यावसायिक यात्री विमानों के संचालन को ‘‘31 मई की रात 11 बजकर 59 मिनट तक स्थगित कर दिया गया है।’’
इसने कहा कि डीजीसीए से मंजूर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मालवाहक विमानों के संचालन पर रोक मान्य नहीं है।
कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) ने 31 मई तक के लिए लॉकडाउन 4.0 को बढ़ाने की घोषणा की है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक कोविड-19 के कारण मरने वालों की संख्या 2,872 हो गई है और कुल संक्रमित लोगों की संख्या रविवार सुबह तक 90,927 हो गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 17, 2020 10:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

