देश की खबरें | गोवा विधानसभा में सभी विपक्षी विधायक मिलकर काम करेंगे : अलेमाओ

पणजी, 11 जुलाई गोवा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यूरी अलेमाओ ने मंगलवार को कहा कि आगामी मानसून सत्र में विपक्ष के सभी सदस्य रणनीति के तहत मिलकर काम करेंगे।

गोवा विधानसभा का 18 दिन लंबा मानसून सत्र 17 जुलाई को राजधानी पणजी के नजदीक पोरवोरिम में शुरू होगा।

विपक्षी पार्टियों ने मानसून सत्र में अपनी रणनीति तैयार करने के लिए मंगलवार को बैठक की। बैठक में कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप), रिवोल्यूशनरी गोवन पार्टी और गोवा फॉरवर्ड पार्टी के विधायकों ने हिस्सा लिया।

गोवा की 40 सदस्यीय विधानसभा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 33 विधायक हैं।

अलेमाओ ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ यह गोवा के हित में है कि विपक्ष के सभी सात विधायक सदन में एकजुट होकर काम करें। सत्र में विपक्ष की एकजुटता दिखाई देगी।’’

उन्होंने कहा कि विपक्षी सदस्य कई सवाल सदन में रखेंगे जिनमें से कुछ को एकसाथ मिला दिया गया है ताकि विधानसभा के पटल पर राज्य सरकार का ‘भंडाफोड़’ किया जा सके।

अलेमाओ ने कहा कि भ्रष्टाचार, कुशासन, ‘महादेई नदी की रक्षा करने में असफलता, स्मार्ट सिटी में अव्यवस्था और उद्योग मंत्रालय की बहाली में नाकामी जैसे मुद्दे हैं जिन्हें सत्र के दौरान सदन में उठाया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)