देश की खबरें | अखिल भारतीय सेवाओं का लक्ष्य देश के आर्थिक विकास के साथ नागरिक सेवा सुनिश्चित करना है: बिरला
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को कहा कि अखिल भारतीय सेवाओं का लक्ष्य देश के आर्थिक विकास के साथ-साथ नागरिक सेवा सुनिश्चित करना है और सरकार की कल्याणकारी नीतियों को जनता तक पहुंचाना इसके अधिकारियों का दायित्व है।
नयी दिल्ली, 26 जुलाई लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को कहा कि अखिल भारतीय सेवाओं का लक्ष्य देश के आर्थिक विकास के साथ-साथ नागरिक सेवा सुनिश्चित करना है और सरकार की कल्याणकारी नीतियों को जनता तक पहुंचाना इसके अधिकारियों का दायित्व है।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संसदीय शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान (प्राइड) द्वारा संसद भवन परिसर में भारतीय वन सेवा, भारतीय सूचना सेवा और भारतीय कॉरपोरेट विधि सेवा के प्रशिक्षु अधिकारियों के लिए आयोजित प्रबोधन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही।
वन सेवा के सन्दर्भ में बिरला ने कहा कि देश की समृद्ध और विविधतापूर्ण वन संपदा और जैव विविधता को सुरक्षित रखते हुए देश के वनवासी समुदायों की विरासत और परंपराओं का संरक्षण करना इस सेवा के अधिकारियों का दायित्व है।
लोकसभा सचिवालय के बयान के अनुसार, बिरला ने कहा कि सतत प्रबंधन के माध्यम से देश के पर्यावरण को सुरक्षित बनाए रखने में भारतीय वन सेवा की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत में पर्यावरण से संबधित विमर्श में नेतृत्वकारी भूमिका का निर्वहन किया है।
बिरला ने अधिकारियों को सुझाव दिया कि उन्हें सरकार की कल्याणकारी नीतियों और पहलों की जानकारी को जनता तक पहुंचाते हुए सरकार और जनता के बीच एक कड़ी के रूप में कार्य करना होगा।
उन्होंने आगे कहा कि लोकतंत्र में सूचना के आदान प्रदान की बड़ी भूमिका है जिसमे भारतीय सूचना सेवा के अधिकारी उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं।
बिरला ने कहा कि भारतीय कॉर्पोरेट विधि सेवा के अधिकारियों का दायित्व है कि वे कंपनियां और व्यवसाय आरम्भ करने और उनके कुशल संचालन की प्रक्रिया को अधिक से अधिक रूप से सरल और सुगम बनाएं।
उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि इस सेवा की अर्थव्यवस्था की विश्वसनीयता और शक्ति को बनाए रखने में उल्लेखनीय भूमिका रही है।
देश की प्रगति में उन्नत एवं नवीन प्रौद्योगिकी के प्रभावी उपयोग का उल्लेख करते हुए बिरला ने कहा कि जनकेंद्रित और विकासोन्मुखी शासन व्यवस्था में प्रौद्योगिकी का महत्वपूर्ण भूमिका है जिससे जनता की समस्याओं के समाधान निकलते हैं और बेहतर परिणाम भी मिलते हैं।
बिरला ने सुशासन, पारदर्शिता और जनता के प्रति जवाबदेही पर ज़ोर देते हुए अधिकारीयों का आह्वान किया कि वे सम्पूर्ण समर्पण और सेवा भाव से अपना कार्य करें।
दीपक दीपक रंजन
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)