देश की खबरें | पंजाब, हरियाणा में कोविड-19 टीकाकरण के लिए किए गए सारे इंतजाम

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब और हरियाणा में शनिवार को कोविड-19 टीकाकरण के लिए सारे इंतजाम कर लिए गए हैं। सबसे पहले स्वास्थ्यकर्मियों को टीके की खुराक दी जाएगी। अधिकारियों ने शुक्रवार को इस बारे में बताया।

एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

चंडीगढ़, 15 जनवरी पंजाब और हरियाणा में शनिवार को कोविड-19 टीकाकरण के लिए सारे इंतजाम कर लिए गए हैं। सबसे पहले स्वास्थ्यकर्मियों को टीके की खुराक दी जाएगी। अधिकारियों ने शुक्रवार को इस बारे में बताया।

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्यकर्मियों में डॉक्टर, नर्स, पारामेडिकल कर्मी और सफाई कर्मचारी शामिल होंगे।

टीकाकरण अभियान के लिए पंजाब में 59 और हरियाणा में 77 स्थान निर्धारित किए गए हैं। एक सत्र में 100 लोगों को टीके की खुराक दी जाएगी।

पंजाब को कोविड-19 टीके की 2.04 लाख खुराक जबकि हरियाणा को 2.41 लाख खुराकों की खेप दी गयी है। टीकों को दोनों राज्यों के संबंधित जिलों तक पहुंचा दिया गया है।

पंजाब के प्रधान सचिव (स्वास्थ्य) हुसन लाल ने बताया, ‘‘स्वास्थ्यकर्मियों में अस्पतालों में काम करने वाले डॉक्टर, नर्स, फार्मासिस्ट, प्रयोगशाला के तकनीकी कर्मी, पारामेडिकल कर्मी, सफाई कर्मचारी होंगे। अनुबंधित और स्थायी, दोनों तरह के कर्मचारी इसमें होंगे।’’

उन्होंने कहा कि पंजाब में करीब 1.74 लाख स्वास्थ्यकर्मी हैं। हफ्ते में चार दिन टीके दिए जाएंगे।

पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने कहा कि ‘कोविन’ साइट पर जिन लोगों का नाम होगा, उन्हें ही टीके की खुराक दी जाएगी।

हरियाणा स्वास्थ्य सेवा के महानिदेशक सूरज भान कंबोज ने बताया कि राज्य में शनिवार को 77 स्थानों पर टीकाकरण होगा। राज्य में करीब दो लाख स्वास्थ्यकर्मियों को टीके की खुराक दी जाएगी।

चंडीगढ़ में चार स्थानों पर टीकाकरण होगा। चंडीगढ़ को टीके की 12,000 खुराकों की खेप मिल गयी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\