देश की खबरें | अलीगढ़ : यातायात निरीक्षक पर हमले के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

अलीगढ़ (उप्र), 26 अक्टूबर जिले में एक यातायात निरीक्षक पर हुए कथित हमले के आरोप में बृहस्पतिवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम को बन्नादेवी थाना क्षेत्र के रसलगंज में वाहनों की जांच के दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को पकड़ा था, जो नियमों का उल्लंघन कर तेज आवाज वाला साइलेंसर लगाकर मोटरसाइकिल चला रहा था।

पुलिस ने बताया कि जब यातायात पुलिस मोटरसाइकिल के मालिक पर जुर्माना लगाने की प्रक्रिया में थी, तो उसने यह दावा करते हुए पुलिस टीम को धमकाने की कोशिश की कि वह सत्ताधारी पार्टी का सदस्य है।

पुलिस के मुताबिक इस विवाद की खबर फैलते ही प्रदर्शनकारियों का एक बड़ा समूह मौके पर एकत्र हो गया और उनकी पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इस के दौरान कथित तौर पर प्रदर्शनकारियों ने यातायात निरीक्षक की पिटाई कर दी और जीटी रोड पर यातायात अवरुद्ध कर दिया।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि जिस पुलिस निरीक्षक ने मोटरसाइकिल मालिक पर जुर्माना लगाया था, वह नशे में था और उसने कथित दुर्व्यवहार किया था।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा व्यवस्था बहाल करने तक लगभग एक घंटे तक रास्ता जाम रहा।

पुलिस ने बाद में विशाल गुप्ता, सोनू और 12 अन्य अज्ञात व्यक्तियों पर ड्यूटी पर पुलिस निरीक्षक पर हमला करने का मामला दर्ज किया। इनमें से विशाल और सोनू को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कलानिधि नैथानी ने बृहस्पतिवार को संवाददाताओं से कहा कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

पुलिस अधीक्षक (यातायात) मुकेश चंद्र ने संवाददाताओं को बताया कि घायल पुलिस अधिकारी की मेडिकल जांच में इस बात का "कोई सबूत नहीं" मिला है कि वह नशे में थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)