देश की खबरें | रामगढ़ में उपचुनाव के शोर के बीच आजसू नेता की हत्या

रामगढ़, 16 फरवरी झारखंड के रामगढ़ में उपचुनाव के प्रचार के शोर के बीच आजसू पार्टी के पतरातू प्रखंड उपाध्यक्ष मनोज मुंडा की अपराधियों ने बुधवार की रात गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मुंडा की हत्या अमझारिया गांव के झांजी टोली के साप्ताहिक बाजार में हुई। उन्होंने कहा कि आशंका है कि मुंडा की हत्या चुनावी रंजिश की वजह से की गई है।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मनोज मुंडा साप्ताहिक हाट में थे, तभी तीन अपराधी उन्हें जबरदस्ती हाट से दूर ले गये और रिवाल्वर से सिर में गोली मार दी।

उन्होंने बताया कि गोली लगने के बाद मुंडा गंभीर रूप से घायल हो गये, जिनकी अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गयी ।

पुलिस ने बताया कि अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस दोषियों को पकड़ने के लिये लगातार छापेमारी कर रही है।

रामगढ़ में 27 फरवरी को उपचुनाव होना है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)