देश की खबरें | अजित पवार 18 जुलाई को प्रधानमंत्री मोदी से मिलेंगे, किसानों के मुद्दों पर चर्चा करेंगे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने शनिवार को कहा कि उनका 18 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करने का कार्यक्रम है और बैठक के दौरान वह राज्य में किसानों के सामने आने वाले मुद्दों को उठाएंगे।
नासिक (महाराष्ट्र), 15 जुलाई महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने शनिवार को कहा कि उनका 18 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करने का कार्यक्रम है और बैठक के दौरान वह राज्य में किसानों के सामने आने वाले मुद्दों को उठाएंगे।
शुक्रवार को वित्त और योजना विभाग हासिल करने वाले अजित पवार ने कहा कि वह और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अन्य विधायक विभागों के आवंटन से खुश हैं। अजित पवार समेत नौ विधायक दो जुलाई को एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार में शामिल हुए थे।
मीडिया से बातचीत में अजित पवार ने कहा, ‘‘मैं 18 जुलाई को प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात करूंगा। बैठक के दौरान, मैं उनके साथ किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाऊंगा। (राकांपा नेता) प्रफुल्ल पटेल और मैं राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की बैठक में भाग लेंगे।’’
उपमुख्यमंत्री नासिक में ‘शासन आपल्या दारी’ (सरकार आपके द्वार) कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता संजय राउत ने दावा किया था कि चूंकि शिंदे के नेतृत्व वाला गुट वित्त विभाग छोड़ने को तैयार नहीं था, इसलिए उन्हें मुख्यमंत्री पद छोड़ने के लिए कहा गया था। इस बारे में पूछे जाने पर राकांपा नेता ने कहा, ‘‘मुझे नहीं पता। यह अनावश्यक रूप से माहौल बिगाड़ने का प्रयास है। हम विभागों के आवंटन से खुश हैं।’’
अजित पवार ने कहा, ‘‘(मंत्रिमंडल में) लगभग 14 पद खाली हैं और मंत्रिमंडल का विस्तार मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है।’’
मंत्रिमंडल विस्तार के बारे में एक सवाल के जवाब में अजित पवार ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री फैसला करेंगे, मैं इस बारे में नहीं बोलूंगा।’’
शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार में अब 28 कैबिनेट मंत्री हैं लेकिन कोई राज्य मंत्री नहीं है। मंत्रिमंडल में अधिकतम 43 सदस्य हो सकते हैं। ऐसी अटकलें थीं कि शुक्रवार को राज्य मंत्रिमंडल का विस्तार भी होगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
राज्य में लंबित निकाय चुनावों के बारे में पूछे जाने पर अजित पवार ने कहा कि अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) आरक्षण सहित चार से पांच मुद्दे उच्चतम न्यायालय में लंबित हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची तैयार करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
जब अजित पवार से पूछा गया कि नासिक में उनके स्वागत के लिए लगाए गए पोस्टरों में राकांपा संस्थापक शरद पवार की तस्वीरें गायब हैं, तो उन्होंने कहा, ‘‘पवार साहब हमारी प्रेरणा हैं, हमारे आदर्श हैं। उनकी तस्वीर मेरे केबिन में है।’’
शरद पवार की पत्नी प्रतिभा पवार की शुक्रवार को दक्षिण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में हाथ से जुड़ी सर्जरी हुई। ऑपरेशन के पश्चात अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद अजित पवार, प्रतिभा पवार से मिलने के लिए राकांपा प्रमुख शरद पवार के आधिकारिक आवास ‘सिल्वर ओक’ गए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 15, 2023 04:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

