देश की खबरें | अजय कुमार, निसिथ प्रामाणिक ने केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री का पदभार संभाला
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अजय कुमार और मौजूदा केंद्र सरकार में सबसे युवा मंत्री निसिथ प्रामाणिक ने बृहस्पतिवार को नॉर्थ ब्लॉक में केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री का पदभार संभाल लिया।
नयी दिल्ली,आठ जुलाई अजय कुमार और मौजूदा केंद्र सरकार में सबसे युवा मंत्री निसिथ प्रामाणिक ने बृहस्पतिवार को नॉर्थ ब्लॉक में केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री का पदभार संभाल लिया।
कुमार (60) उत्तर प्रदेश के खीरी से लोकसभा सदस्य है और प्रमाणिक (35) पश्चिम बंगाल के कूचबिहार से लोकसभा सदस्य है। उन्हें बुधवार शाम को केन्द्रीय मंत्री के तौर पर शपथ दिलाई गई थी।
पदभार ग्रहण करने के बाद प्रामाणिक ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के आभारी हैं जिन्होंने उन्हें यह अवसर प्रदान किया। उन्होंने कहा कि वह ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करने के लिए कड़ी मेहनत करेंगे।
कुमार ने कहा कि वह आभारी हैं कि मोदी और शाह ने उन्हें सुरक्षा के मुद्दे पर काम करने का मौका दिया। कुमार और प्रामाणिक के पदभार संभालने के वक्त केन्द्रीय गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
प्राथमिक कक्षा के पूर्व शिक्षक प्रामाणिक केंद्रीय मंत्रिपरिषद में सबसे युवा मंत्री है। इसके साथ ही अब गृह मंत्रालय में तीन राज्य मंत्री - प्रामाणिक, कुमार और नित्यानंद राय- हो गए हैं। राय और जी किशन रेड्डी को वर्ष 2019 में मोदी सरकार द्वारा दूसरी बार कार्यभार संभालने के बाद गृह मंत्रालय के कनिष्ठ मंत्री के तौर पर शामिल किया गया था।
रेड्डी की बुधवार को पदोन्नति कर कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ दिलाई गई। उन्हें पर्यटन, संस्कृति और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है।
काफी लंबे अरसे के बाद गृह मंत्रालय को तीन राज्य मंत्री मिले हैं। इससे पहले मनमोहन सिंह के नेतृत्व में संप्रग-1 की सरकार में मंत्रालय में तीन राज्य मंत्री थे।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को मंत्रिपरिषद का विस्तार करते हुए 36 नए सदस्यों को सरकार में शामिल किया । इससे पहले 12मंत्रियों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)