जरुरी जानकारी | एयरटेल अफ्रीका को पहली तिमाही में 15.1 करोड़ डॉलर का घाटा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. एयरटेल अफ्रीका को चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में 15.1 करोड़ डॉलर (लगभग 1,237 करोड़ रुपये) का घाटा हुआ। कंपनी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 27 जुलाई एयरटेल अफ्रीका को चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में 15.1 करोड़ डॉलर (लगभग 1,237 करोड़ रुपये) का घाटा हुआ। कंपनी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
कंपनी ने एक साल पहले की समान तिमाही में 17.8 करोड़ डॉलर का मुनाफा कमाया था।
एयरटेल अफ्रीका ने बयान में कहा कि कंपनी का राजस्व चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में स्थिर मुद्रा के संदर्भ में सालाना आधार पर 20.4 प्रतिशत बढ़कर 137.7 करोड़ डॉलर हो गया।
एयरटेल अफ्रीका के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) ओलुसेगुन ओगुनसेन्या ने कहा, “परिचालन में मजबूत प्रदर्शन के बावजूद हमारा प्रदर्शन प्रतिकूल विदेशी मुद्रा विनिमय के कारण प्रभावित हुआ। इस तिमाही में नाइजीरिया में विदेशी पूंजी बाजार में बदलाव हुआ, जिसके कारण नाइरा मुद्रा में भारी अवमूल्यन हुआ।”
उन्होंने कहा कि ‘कंपनी ने नाइजीरिया में अपने कारोबार के मध्यम और दीर्घकालिक विकास के लिए इस बदलाव का स्वागत किया है। कंपनी ने नाइजीरिया को अपना सबसे बड़ा बाजार भी बताया है।’
एयरटेल अफ्रीका ने कहा कि अप्रैल-जून में मोबाइल सेवाओं का राजस्व स्थिर मुद्रा के संदर्भ में 19 प्रतिशत बढ़ गया। इसमें वॉयस कॉल से प्राप्त राजस्व में 12 प्रतिशत और इंटरनेट डेटा के राजस्व में 30 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
कंपनी का पूंजी व्यय पिछले साल की समान तिमाही की तुलना में 14 करोड़ डॉलर पर स्थिर रहा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)