देश की खबरें | चक्रवात रेमल की दस्तक से पहले बंगाल में हवाई, रेल, सड़क यातायात प्रभावित
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. चक्रवात रेमल के आगमन से पहले रविवार को कोलकाता और दक्षिण बंगाल के अन्य हिस्सों में हवाई, रेल और सड़क परिवहन में व्यवधान पैदा हुआ है और सोमवार को भी ऐसे ही हालात रहने की आशंका है।
कोलकाता, 26 मई चक्रवात रेमल के आगमन से पहले रविवार को कोलकाता और दक्षिण बंगाल के अन्य हिस्सों में हवाई, रेल और सड़क परिवहन में व्यवधान पैदा हुआ है और सोमवार को भी ऐसे ही हालात रहने की आशंका है।
कोलकाता हवाई अड्डे के अधिकारियों ने ऐहतियात के तौर पर रविवार दोपहर से 21 घंटे के लिए उड़ान संचालन निलंबित कर दिया है। इसके अलावा, पूर्वी और दक्षिण पूर्वी रेलवे ने कई ट्रेन रद्द कर दी हैं।
रविवार सुबह से रुक-रुक कर हो रही बारिश और तेज हवाओं ने दक्षिण बंगाल के जिलों को प्रभावित किया है, जिसकी वजह से कोलकाता में अधिकतर बसें, टैक्सियां और तिपहिया वाहन सड़कों से नदारद रहे।
चक्रवात के रविवार आधी रात को दस्तक देने की आशंका है।
भारतीय हवाईअड्डा प्राधिकरण (एएआई) के एक अधिकारी ने कहा कि उड़ानों पर रोक के दौरान कुल 394 अंतरराष्ट्रीय और घरेलू उड़ानें संचालित नहीं होंगी।
अधिकारी ने बताया कि यह एहतियाती कदम नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय (एनएससीबीआई) हवाईअड्डे के हितधारकों के साथ बैठक के बाद उठाया गया है।
एनएससीबीआई हवाई अड्डे के निदेशक सी. पट्टाभि ने शनिवार को एक बयान में कहा, "कोलकाता समेत पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्र पर चक्रवात रेमल के प्रभाव को देखते हुए, हितधारकों के साथ एक बैठक की गई, और कोलकाता में तेज हवाओं व भारी से बहुत भारी बारिश होने के अनुमान के मद्देनजर 26 मई की दोपहर से 27 मई को सुबह नौ बजे तक उड़ान संचालन को निलंबित करने का निर्णय लिया गया है।”
अधिकारियों ने कहा कि पूर्वी और दक्षिण पूर्वी रेलवे ने एहतियात के तौर पर दक्षिण और उत्तर 24 परगना और पूर्ब मेदिनीपुर जिलों से गुजरने वाली कुछ ट्रेनें रद्द कर दी हैं।
एक अधिकारी ने कहा कि पूर्वी रेलवे ने सियालदह दक्षिण खंड और सियालदह मंडल के बारासात-हसनाबाद खंड में रविवार रात 11 बजे से सोमवार सुबह छह बजे तक ट्रेन सेवाएं निलंबित कर दीं और कई ईएमयू लोकल ट्रेनें रद्द कर दीं।
इस बीच, उड़ानों के संचालन पर रोक लगने के बाद कोलकाता हवाई अड्डा वीरान नजर आया।
आमतौर पर हलचल भरे रहने वाले हवाई अड्डे पर यह नजारा अभूतपूर्व है और फिलहाल यहां सुरक्षा कर्मी, भारतीय हवाईअड्डा प्राधिकरण (एएआई) के कर्मचारी और चंद एयरलाइन कर्मचारी ही मौजूद दिखे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)