एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | दिल्ली में छठें दिन भी वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली में शुक्रवार को लगातार छठे दिन वायु गुणवत्ता ‘‘बहुत खराब’’ रही। वहीं, राजधानी में शुक्रवार की रात इस मौसम की सबसे ठंडी रात रही, जब तापमान गिरकर 9.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।

देश की खबरें | दिल्ली में छठें दिन भी वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’

नयी दिल्ली, 29 नवंबर दिल्ली में शुक्रवार को लगातार छठे दिन वायु गुणवत्ता ‘‘बहुत खराब’’ रही। वहीं, राजधानी में शुक्रवार की रात इस मौसम की सबसे ठंडी रात रही, जब तापमान गिरकर 9.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, दिल्ली में शुक्रवार रात का तापमान सामान्य से एक डिग्री नीचे पहुंच गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है।

राजधानी में बृहस्पतिवार को इस मौसम की दूसरी सबसे ठंडी रात दर्ज की गई जब तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि 21 नवंबर को तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जो तीसरी सबसे ठंडी रात थी।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) शाम चार बजे 331 दर्ज किया गया, जबकि बृहस्पतिवार को यह 325 था।

राष्ट्रीय राजधानी के 37 निगरानी स्टेशन में से बवाना में शुक्रवार को एक्यूआई 416 और मुंडका में 402 दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है।

पिछले तीन दिन में किसी भी स्टेशन में वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज नहीं की गई थी।

प्रति घंटे आंकड़ा उपलब्ध कराने वाले ‘समीर’ ऐप के अनुसार, 26 निगरानी स्टेशन में एक्यूआई ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहा, जबकि नौ में यह ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया।

शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ तथा 401 से 500 के बीच एक्यूआई को ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है

इससे पहले, दिल्ली में 20 नवंबर को एक्यूआई 419 दर्ज किया गया था। वहीं 21 नवंबर को 371, 22 नवंबर को 393, 23 नवंबर को 412 तथा 24 नवंबर को यह 318 दर्ज किया गया था।

वायु गुणवत्ता प्रबंधन के लिए ‘डिसिशन सपोर्ट सिस्टम’ (डीएसएस) के अनुसार, दिल्ली में शुक्रवार को हुए प्रदूषण में वाहनों से निकलने वाले उत्सर्जन की हिस्सेदारी 21.6 प्रतिशत रही।

पंजाब में शुक्रवार को पराली जलाने की 32 घटनाएं दर्ज की गईं जबकि हरियाणा में नौ और उत्तर प्रदेश में 215 मामले सामने आए।

उपग्रह डेटा के अनुसार 15 सितंबर से 29 नवंबर के बीच पंजाब में पराली जलाने की 10,887, हरियाणा में 1,389 और उत्तर प्रदेश में 5,769 घटनाएं दर्ज की गईं।

दिल्ली के लिए वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के मुताबिक, यहां शुक्रवार शाम और रात को धुंध छाए रहने तथा शनिवार को आसमान साफ ​​रहने की संभावना है।

इसके मुताबिक, राजधानी में शनिवार सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने का अनुमान है। शनिवार सुबह चार किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है जो दोपहर के समय बढ़कर 6-8 किमी प्रति घंटे हो जाएगी तथा शाम और रात में कम हो जाएगी।

इस बीच, दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 0.4 डिग्री अधिक है।

राजधानी में शुक्रवार को दिन में आर्द्रता का स्तर 99 प्रतिशत से 64 प्रतिशत के बीच रहा।

मौसम विभाग ने दिल्ली में शनिवार को हल्का कोहरा छाए रहने तथा अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 26 डिग्री सेल्सियस और 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 29, 2024 10:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).