एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | दिल्ली में पांचवें दिन भी वायु गुणवत्ता 'बहुत खराब', मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली की वायु गुणवत्ता बृहस्पतिवार को लगातार पांचवें दिन "बहुत खराब" श्रेणी में रही, जबकि शहर में इस मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई।

देश की खबरें | दिल्ली में पांचवें दिन भी वायु गुणवत्ता 'बहुत खराब', मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज

नयी दिल्ली, 28 नवंबर दिल्ली की वायु गुणवत्ता बृहस्पतिवार को लगातार पांचवें दिन "बहुत खराब" श्रेणी में रही, जबकि शहर में इस मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 10.1 डिग्री सेल्सियस हो गया, जो वर्ष के इस समय के लिए सामान्य है।

मौसम की दूसरी सबसे ठंडी रात 21 नवंबर को दर्ज की गई थी, जब तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि तीसरी सबसे ठंडी रात बुधवार, 27 नवंबर को रही थी, जब रात का तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

इस बीच केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़े के अनुसार, दिल्ली का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) शाम चार बजे 325 दर्ज किया गया जबकि बुधवार को यह 303 दर्ज किया गया था।

मंगलवार और बुधवार की तरह राजधानी के 39 निगरानी केंद्रों में से किसी में भी वायु गुणवत्ता "गंभीर" श्रेणी में दर्ज नहीं की गयी।

एक्यूआई 20 नवंबर को 419 के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था, इसके बाद 21 नवंबर को 371, 22 नवंबर (शुक्रवार) को 393, 23 नवंबर (शनिवार) को 412 और 24 नवंबर (रविवार) को 318 था।

शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ तथा 401 से 500 के बीच एक्यूआई को ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

बृहस्पतिवार को पंजाब में पराली जलाने की 34 घटनाएं दर्ज की गईं, हरियाणा में सात और उत्तर प्रदेश में 103 घटनाएं दर्ज की गईं।

उपग्रह डेटा के अनुसार 15 सितंबर से 28 नवंबर के बीच पंजाब में पराली जलाने की 10,855 घटनाएं दर्ज की गईं, हरियाणा में 1,380 और उत्तर प्रदेश में 5,554।

आईएमडी के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम का अब तक का दूसरा सबसे कम तापमान है।

दिन में आर्द्रता का स्तर 97 से 53 प्रतिशत के बीच रहा। मौसम विभाग ने शुक्रवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद जतायी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 28, 2024 10:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).