देश की खबरें | एयर मार्शल नर्मदेश्वर तिवारी ने वायु सेना की दक्षिण पश्चिमी कमान के कमांडर का दायित्व संभाला

नयी दिल्ली, एक मई एयर मार्शल नर्मदेश्वर तिवारी ने सोमवार को वायु सेना की दक्षिण पश्चिमी कमान के गांधीनगर स्थित मुख्यालय में एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (एओसी-इन-सी) का पदभार संभाल लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

वह एयर मार्शल विक्रम सिंह का स्थान लेंगे, जो रविवार को सेवानिवृत्त हुए।

एयर मार्शल तिवारी को सात जून 1986 को भारतीय वायुसेना के युद्धक दल में शामिल किया गया था।

अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने विभिन्न प्रकार के विमानों पर 3,600 घंटे से अधिक उड़ान भरी है और एक योग्य उड़ान प्रशिक्षक होने के साथ-साथ वह प्रायोगिक परीक्षण पायलट भी हैं।

उन्होंने कहा कि एयर मार्शल तिवारी के पास युद्ध क्षेत्र का व्यापक अनुभव है जिसमें मुख्य रूप से मिराज-2000 लड़ाकू विमानों पर विभिन्न हथियारों और प्रणालियों का परिचालन परीक्षण भी शामिल है।

कारगिल संघर्ष के दौरान वह विभिन्न अभियानों में सक्रिय रूप से शामिल रहे और कई महत्वपूर्ण मिशनों में हिस्सा लिया। एयर मार्शल तिवारी ने राजस्थान सेक्टर में अग्रिम मोर्चे के युद्धक स्थल की भी कमान संभाली है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)