देश की खबरें | इंजन में खराबी के बाद अबू धाबी हवाई अड्डे लौटा एअर इंडिया एक्सप्रेस का विमान, डीजीसीए करेगा घटना की जांच
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल के कोझिकोड जाने वाला एअर इंडिया एक्सप्रेस का एक विमान उड़ान भरते समय इंजन में आई खराबी के कारण शुक्रवार को तड़के अबू धाबी हवाई अड्डे पर लौट गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, तीन फरवरी केरल के कोझिकोड जाने वाला एअर इंडिया एक्सप्रेस का एक विमान उड़ान भरते समय इंजन में आई खराबी के कारण शुक्रवार को तड़के अबू धाबी हवाई अड्डे पर लौट गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) घटना की जांच करेगा।
डीजीसीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने प्रारंभिक रिपोर्ट के हवाले से बताया कि उड़ान भरने के दौरान विमान के एक इंजन में आग देखी गई थी।
एअर इंडिया एक्सप्रेस के एक प्रवक्ता ने बताया कि बोइंग 737-800 विमान में कुल 184 यात्री सवार थे और ये सभी सुरक्षित हैं।
एक सूत्र ने कहा कि विमान का एक इंजन खराब हो गया था।
डीजीसीए अधिकारी के मुताबिक, अबू धाबी से कोझिकोड जा रही उड़ान संख्या वीटी-एवाईसी IX 348 को करीब एक हजार फुट की ऊंचाई पर इंजन संख्या-एक में आग लगने के बाद बीच रास्ते से वापस लौटा दिया गया।
अधिकारी ने बताया कि डीजीसीए घटना की जांच करेगा।
विमानन कंपनी के प्रवक्ता ने एक बयान जारी कर कहा कि उड़ान भरते समय विमान के एक इंजन में तकनीकी खराबी आ गई थी।
बयान के अनुसार, तकनीकी खराबी के बाद विमान वापस अबू धाबी हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतरा, जिसके लिए जमीन पर सभी जरूरी इंतजाम किए गए थे।
बयान में कहा गया है, “प्रोटोकॉल के तहत नियामक अधिकारियों को इस घटना की जानकारी दे दी गई है और यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)