देश की खबरें | एअर इंडिया विमान हादसा : नालसा ने पीड़ित परिवारों को कानूनी, मानसिक स्वास्थ्य सेवा की पेशकश की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) के तत्वावधान में गुजरात राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने अहमदाबाद विमान दुर्घटना के पीड़ित परिवारों को तत्काल कानूनी और मनोवैज्ञानिक सहायता देने की पहल शुरू की है। एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई।
नयी दिल्ली, 17 जून राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) के तत्वावधान में गुजरात राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने अहमदाबाद विमान दुर्घटना के पीड़ित परिवारों को तत्काल कानूनी और मनोवैज्ञानिक सहायता देने की पहल शुरू की है। एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई।
विज्ञप्ति के मुताबिक, ‘‘ अहमदाबाद में हुए दुखद विमान हादसे में बहुत से लोगों की जान चली गई और उनके परिवारों को अकल्पनीय पीड़ा झेलनी पड़ी, नालसा सभी प्रभावित लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना और एकजुटता व्यक्त करता है। दुख की इस घड़ी में, देश के विधिक सेवा संस्थान संकट के समय लोगों की सेवा करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराता है।’’
गुजरात प्राधिकरण ने नालसा के मुख्य संरक्षक, प्रधान न्यायाधीश बी आर गवई और इसके कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति सूर्यकांत के मार्गदर्शन में ‘‘विमान दुर्घटना कानूनी सहायता हेल्पडेस्क’’ नाम से एक आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र शुरू किया।
विज्ञप्ति के मुताबिक, ‘‘पीड़ितों और उनके परिवारों को सुलभ, तत्काल और व्यापक सहायता सुनिश्चित करने के लिए इस सहायता प्रणाली की स्थापना की गई है। एक पूरी तरह कार्यात्मक चौबीस घंटे काम करने वाल हेल्प डेस्क का गठन किया गया है, जो निरंतर कानूनी सहायता और ‘वॉक-इन’ सहायता प्रदान करता है। यह कानूनी सहायता प्रशिक्षित वकीलों द्वारा दिया जा रहा है जो आवश्यक कानूनी मामलों पर मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं, जिसमें दस्तावेज़ीकरण, पहचान सत्यापन और दावों में सहायता शामिल है।’’
विज्ञप्ति के मुताबिक पीड़ित परिवारो के सदस्यों के लिए पीड़ित विज्ञान केंद्र ‘संगति’ के माध्यम से मनोवैज्ञानिक परामर्श प्रदान किया जा रहा है।
इसमें कहा गया ‘‘ इस पहल के तहत सभी सेवाएं मुफ्त दी जा रही हैं, जो कि नालसा के मिशन के अनुरूप है, ताकि जरूरतमंद हर व्यक्ति को न्याय और सहायता सुनिश्चित की जा सके। आगे की सहायता के लिए, प्रभावित पीड़ित/परिवार नालसा हेल्पलाइन 15100 पर भी संपर्क कर सकते हैं, जो कि देश भर में उपलब्ध एक टोल-फ्री नंबर है या गुजरात राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (सालसा) से 6357981044 या 07922850999 पर संपर्क कर सकते हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)