देश की खबरें | वायुसेना का जगुआर विमान चुरू जिले में दुर्घटनाग्रस्त, दो पायलट की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय वायुसेना का एक जगुआर प्रशिक्षण विमान बुधवार दोपहर राजस्थान के चुरू जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे दो पायलट की मौत हो गई।
जयपुर/नयी दिल्ली, नौ जुलाई भारतीय वायुसेना का एक जगुआर प्रशिक्षण विमान बुधवार दोपहर राजस्थान के चुरू जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे दो पायलट की मौत हो गई।
वायु सेना ने एक बयान में कहा कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए ‘कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी’ के आदेश दिये गए हैं।
बयान में कहा गया, ‘‘वायुसेना का एक जगुआर प्रशिक्षण विमान आज राजस्थान के चुरू के पास एक नियमित प्रशिक्षण मिशन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।’’
इसमें कहा गया, ‘‘दुर्घटना में दोनों पायलट की मौत हो गई। किसी भी नागरिक संपत्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।’’
वायसेना ने हादसे में जनहानि पर ''गहरा दुख'' जताते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है। वायुसेना ने कहा ''हादसे के कारणों की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी गठित की गई है।''
इससे पहले दिन में, राजलदेसर के थानाधिकारी कमलेश ने बताया कि विमान दोपहर करीब 1:25 बजे भाणुदा गांव के एक खेत में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। उन्होंने बताया कि दुर्घटना स्थल के पास मानव शरीर के अंग मिले हैं।
दुर्घटना के तुरंत बाद, स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और उन्हें विमान का जलता हुआ मलबा मिला।
रतनगढ़ के वृत्ताधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि राजलदेसर और रतनगढ़ थाने से पुलिसकर्मी, दमकल विभाग और एम्बुलेंस भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। इलाके की घेराबंदी की गईहै।
राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घटना पर दुख व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री शर्मा ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘चुरू जिले के रतनगढ़ क्षेत्र में भारतीय वायु सेना के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। घटना के तुरंत बाद से प्रशासन अलर्ट मोड पर है और राहत-बचाव कार्य के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।’’
उन्होंने लिखा, ‘‘ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान व शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति दें।’’
राज्यपाल ने भी हादसे में हुई मौतों को लेकर शोक व्यक्त किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 09, 2025 04:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

