वायुसेना के विमान ने पुष्पवर्षा की, गुजरात विधानसभा के ऊपर से उड़ान भरी
भारतीय नौसेना ने भी रविवार तड़के गुजरात तट के पास अपने पोतों से प्रकाश कर कोरोना योद्धाओं को सलाम किया।
अहमदाबाद, तीन मई कोविड-19 महामारी के खिलाफ लड़ाई में लगे स्वास्थ्य कर्मियों और अन्य को धन्यवाद देने के लिए रविवार को भारतीय वायुसेना के विमान ने अहमदाबाद में अस्पतालों पर पुष्पवर्षा की और गांधीनगर स्थित गुजरात विधानसभा के ऊपर से उड़ान भरी।
भारतीय नौसेना ने भी रविवार तड़के गुजरात तट के पास अपने पोतों से प्रकाश कर कोरोना योद्धाओं को सलाम किया।
भारतीय वायुसेना के एक हेलीकाप्टर ने अहमदाबाद स्थित सिविल अस्पताल और नगर निगम संचालित सरदार वल्लभभाई पटेल अस्पताल पर पुष्पवर्षा की जहां कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों का इलाज किया जा रहा है। वायुसेना के हेलीकाप्टर ने ऐसा इस गंभीर बीमारी से मुकाबले में लगे कोरोना योद्धाओं के प्रति आभार जताने के लिए किया।
एक रक्षा विज्ञप्ति में कहा गया कि वायुसेना बैंड के कर्मी दोनों अस्पतालों में पहुंचे और ‘‘सारे जहां से अच्छा, हिंदुस्तान हमारा’’ की धुन बजायी।
इसमें कहा गया कि इसके अलावा वायुसेना के सुखोई लड़ाकू विमानों ने एक ‘फॉर्मेशन’ में कम ऊंचाई पर अहमदाबाद शहर और गांधीनगर स्थित विधानसभा भवन के ऊपर से उड़ान भरी।
यह चिकित्सकों, पैरामेडिकल कर्मियों, स्वच्छता कर्मियों और देशभर में कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में लगे अन्य कर्मियों को धन्यवाद देने के लिए सशस्त्र बलों के देशव्यापी अभियान का हिस्सा था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 03, 2020 03:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

