एम्स ओपीडी और गैर आपातकालीन सर्जरी शुरू करने की योजना बना रहा है
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि आपातकालीन सेवाओं के अलावा गैर कोविड-19 सेवाओं को भी सीमित समय के लिए शुरू करने की योजना है जिसमें अस्पताल आसपास के अस्पतालों से भेजे गए रोगियों को ही देखेगा।
नयी दिल्ली, पांच मई एम्स की एक उपसमिति से कहा गया है कि ओपीडी और गैर आपातकालीन ऑपरेशन सेवाओं को शुरू करने के लिए रूपरेखा तैयार की जाए क्योंकि प्रशासन अगले दस दिनों में उन्हें शुरू करने की योजना बना रहा है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि आपातकालीन सेवाओं के अलावा गैर कोविड-19 सेवाओं को भी सीमित समय के लिए शुरू करने की योजना है जिसमें अस्पताल आसपास के अस्पतालों से भेजे गए रोगियों को ही देखेगा।
एक सूत्र ने कहा, ‘‘इससे अस्पताल परिसर के अंदर काफी हद तक भीड़भाड़ पर रोक लग सकेगी लेकिन इसके गुण-अवगुण पर विचार करते हुए सुविचारित योजना बनाने की जरूरत है।’’
एक अधिकारी ने बताया, ‘‘ओपीडी सेवाओं को चरणबद्ध तरीके से खोलने की योजना है। अगर निकट भविष्य में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या बढ़ती है और अगर जरूरत पड़ी तो हम पूर्ववर्ती रोस्टर की तरफ वापस लौटेंगे।’’
एम्स के चिकित्सक वर्तमान में अस्पताल में जिन रोगियों का इलाज चल रहा है उन्हें टेली-परामर्श मुहैया करा रहे हैं ताकि लॉकडाउन के दौरान उन्हें अस्पताल आने की जरूरत नहीं पड़े।
ओपीडी सेवाओं को फिर से शुरू करने की रणनीति पर चर्चा के लिए मंगलवार सुबह हुई बैठक में एम्स में केंद्रों के प्रमुख और विभागों के प्रमुखों से कहा गया कि अगर इन्हें फिर से शुरू किया जाए तो वे बताएं कि अनुमानत: कितने मामलों को एक दिन में देख सकते हैं।
ऑपरेशन थिएटर टीम से कहा गया कि एक रूपरेखा को अंतिम रूप दें कि संदिग्ध कोविड-19 रोगियों के लिए आरक्षित ऑपरेशन थियेटर को ध्यान में रखते हुए किस तरह से गैर आपातकाल सर्जरी करेंगे।
एम्स में ओपीडी सेवाएं बंद हुए एक महीने से अधिक का समय हो गया है और इसने सभी चुनिंदा सर्जरी को बंद कर दिया था ताकि कोविड-19 महामारी को नियंत्रित करने में अपने संसाधनों का इस्तेमाल कर सके।
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के इतिहास में पहली बार ओपीडी सेवाएं 24 मार्च से बंद की गई हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 05, 2020 09:53 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

