एआईएफएफ ने अर्जुन पुरस्कार के लिये झिंगन और बाला देवी के नाम भेजे
इस साल के खेल पुरस्कारों के लिये नामांकन भेजने के खेल मंत्रालय के निर्देशों पर अमल करते हुए एआईएफएफ ने यह नाम भेजे ।
नयी दिल्ली, 12 मई अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने राष्ट्रीय टीम के सेंट्रल डिफेंडर संदेश झिंगन और महिला टीम की स्ट्राइकर एन बाला देवी के नामों की अनुशंसा अर्जुन पुरस्कार के लिये की है ।
इस साल के खेल पुरस्कारों के लिये नामांकन भेजने के खेल मंत्रालय के निर्देशों पर अमल करते हुए एआईएफएफ ने यह नाम भेजे ।
महासंघ के महासचिव कुशाल दास ले प्रेस ट्रस्ट को बताया ,‘‘ हमने संदेश और बाला देवी के नाम अर्जुन पुरस्कार के लिये भेजने का फैसला किया है जो लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं ।’’
अपने कैरियर के शुरूआती दौर में बाईचुंग भूटिया और रेनेडी सिंह की छत्रछाया में रहे झिंगन भारतीय टीम में सुनील छेत्री के बाद सबसे महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं ।
फीफा विश्व कप क्वालीफायर 2015 में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में पदार्पण करने के बाद से वह भारतीय टीम की बैक लाइन का अभिन्न अंग बन गए हैं ।छेत्री की गैर मौजूदगी में उन्होंने कोच स्टीफन कोंस्टेंटाइन के रहते भारतीय टीम की कमान भी संभाली है ।
मणिपुर की बाला देवी ने स्कॉटलैंड की महिला प्रीमियर लीग टीम रेंजर्स एफसी के साथ करार किया था । वह विदेश में पेशेवर फुटबाल खेलने वाली पहली भारतीय महिला बनी ।
वह कुछ मैच खेली लेकिन फिर कोरोना वायरस महामारी के कारण खेल बंद हो गया । वह एशियाई फुटबाल परिसंघ के ‘ब्रेक द चेन’ वीडियो अभियान का हिस्सा भी रही जो कोरोना महामारी के खिलाफ जागरूकता जगाने के लिये शुरू किया गया थाा ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 12, 2020 04:59 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

