एआईसीटीई ने इंजीनियरिंग कालेज, तकनीकी संस्थानों से शिक्षकों का समय पर वेतन देने को कहा
एआईसीटीई का यह निर्देश ऐसे समय में सामने आया है जब उसे ऐसी शिकायतें मिली थी कि कुछ संस्थानों ने फरवरी एवं मार्च महीने के वेतन का भुगतान नहीं किया है ।
नयी दिल्ली, 13 मई अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) ने निजी इंजीनियरिंग कालेजों एवं अन्य तकनीकी संस्थाओं से कोविड-19 लॉकडाउन के दौरान अपने शिक्षकों एवं कर्मचारियों को समय पर वेतन देने का निर्देश दिया है ।
एआईसीटीई का यह निर्देश ऐसे समय में सामने आया है जब उसे ऐसी शिकायतें मिली थी कि कुछ संस्थानों ने फरवरी एवं मार्च महीने के वेतन का भुगतान नहीं किया है ।
एआईसीटी ई के अध्यक्ष अनिल सहस्त्रबुद्धे ने सभी मान्यता प्राप्त कालेजों को अपने पत्र में कहा, ‘‘ हमें इस तरह की शिकायतें मिली है कि कुछ संस्थानों ने अपने शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक कर्मचारियों को मार्च महीने का वेतन नहीं दिया है और कुछ मामलों में फरवरी माह का वेतन भी नहीं दिया है । ’’
उन्होंने कहा कि कृपया इस बात को समझें कि यह राष्ट्रीय आपात स्थिति है जब कोविड-19 के कारण पूरे देश में लॉकडाउन है । ऐसे में कर्मचारियों को वेतन नहीं देने से इनके परिवारों के समक्ष बड़ी समस्या खड़ी हो जायेगी और भूख से जुड़े संकट का भी सामना करना पड़ेगा ।
सहस्त्रबुद्धे ने कहा, ‘‘ इसलिये आपसे आग्रह किया जाता है कि शिक्षकों एवं कर्मचारियों का वेतन समय पर दें । ’’
गौरतलब है कि कोविड-19 के मद्देनजर देश के शैक्षणिक संस्थान 16 मार्च से बंद हैं । देश में 24 मार्च को राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन की घोषणा कर दी गई थी और इसे बढ़ाकर 17 मई कर दिया गया है ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 13, 2020 04:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

