देश की खबरें | अन्नाद्रमुक के संगठन सचिव एवं पूर्व सांसद अनवर राजा द्रमुक में शामिल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के संगठन सचिव एवं पूर्व सांसद अनवर राजा तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन की उपस्थिति में सोमवार को द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) में शामिल हो गए।
चेन्नई, 21 जुलाई ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के संगठन सचिव एवं पूर्व सांसद अनवर राजा तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन की उपस्थिति में सोमवार को द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) में शामिल हो गए।
अन्नाद्रमुक के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ चुनावी गठबंधन बनाने के बाद से राजा ने पार्टी महासचिव ई. के. पलानीस्वामी पर कई बार निशाना साधा है।
राज्य के रामनाथपुरम से विपक्षी दल का अल्पसंख्यक चेहरा राजा ने कहा कि तमिलनाडु को केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा हिंदी थोपे जाने और राज्य की स्वायत्तता छीनने जैसी चुनौतियों से बचाने के लिए उनके पास द्रमुक में शामिल के अलावा कोई विकल्प नहीं था।
उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘ भाजपा का एजेंडा पहले अन्नाद्रमुक को खत्म करना और फिर द्रमुक के खिलाफ लड़ना है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक बार भी यह नहीं कहा है कि पलानीस्वामी मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे। उन्होंने केवल इतना कहा कि तमिलनाडु में राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) की सरकार बनेगी।’’
इस राजनीतिक घटनाक्रम के बाद अन्नाद्रमुक ने राजा को पार्टी से निकाल दिया।
पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि अनवर राजा के द्रमुक में शामिल होने से अन्नाद्रमुक को कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
राजा और राज्य के कुछ पूर्व मंत्रियों का मानना है कि भाजपा का मकसद चुनाव लड़ना नहीं है बल्कि राज्य के द्रविड़ दलों का अस्तित्व मिटाना है।
द्रमुख के राज्य स्थित मुख्यालय ‘अन्ना अरिवालयम’ में राजा ने कहा, ‘‘ हमने पलानीस्वामी को पहले ही बता दिया था कि अगर अन्नाद्रमुक, भाजपा से गठबंधन करती है तो भाजपा उसे भी खत्म कर देगी जैसे वह गैर-भाजपा शासित राज्यों में कर रही है। पश्चिम बंगाल में क्या हो रहा है, देख लीजिए।’’
पूर्व सांसद ने आरोप लगाया कि तमिलनाडु में भाजपा ‘‘एक नकारात्मक ताकत’’ है और जनता उसे कभी स्वीकार नहीं करेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने पहले ही अन्नाद्रमुक के नेताओं से पार्टी को बचाने की अपील की थी लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं था। इसलिए जब कोई रास्ता नहीं बचा तो मुझे द्रमुक में शामिल होना पड़ा..मेरे पास यही विकल्प था।’’
उन्होंने दावा किया कि ‘‘थलापति’’ (एम.के. स्टालिन) फिर से मुख्यमंत्री जरूर बनेंगे। लोग पूर्व मुख्यमंत्री सी. एन. अन्नादुरै के समय से ही नेताओं की काबिलियत के आधार पर वोट देते आए हैं।
राजा ने कहा, ‘‘मैं पूछना चाहता हूं कि क्या तमिलनाडु में कोई ऐसा नेता है जो स्टालिन की बराबरी कर सके जिन पर लोगों ने भरोसा जताया है।’’
उन्होंने ने कहा, ‘‘जनता चाहती है कि स्टालिन दोबारा मुख्यमंत्री बनें और लोग द्रमुक को भारी बहुमत देंगे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 21, 2025 12:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

