देश की खबरें | अन्नाद्रमुक ने मुख्यमंत्री स्टालिन की दुबई यात्रा को ‘पारिवारिक पिकनिक’ बताया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के शीर्ष नेता के पलानीस्वामी ने रविवार को मुख्यमंत्री एम के स्टालिन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि लोगों की नजर में उनकी दुबई यात्रा महज एक ‘पारिवारिक पिकनिक’ है।
सेलम (तमिलनाडु), 27 मार्च ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के शीर्ष नेता के पलानीस्वामी ने रविवार को मुख्यमंत्री एम के स्टालिन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि लोगों की नजर में उनकी दुबई यात्रा महज एक ‘पारिवारिक पिकनिक’ है।
पलानीस्वामी ने कहा कि जब स्टालिन विपक्ष के नेता थे तो उन्होंने ‘अन्नाद्रमुक पिकनिक कैबिनेट’’ के रूप में उनका और उनके मंत्रिमंडल का मजाक उड़ाया था, क्योंकि वह विदेश में अपनी आधिकारिक यात्राओं के दौरान अपने तीन मंत्रियों और सरकारी अधिकारियों को ले गए थे।
विपक्ष के नेता ने कहा कि हालांकि, अब स्टालिन का पूरा परिवार उनके साथ दुबई गया है। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि यदि स्टालिन केवल विभागों के सचिवों और मंत्रियों को ही ले गए होते तो यह उचित होता। अन्नाद्रमुक के संयुक्त समन्वयक ने दावा किया कि लोगों की नजर में मुख्यमंत्री का दुबई दौरा महज एक ‘पारिवारिक पिकनिक’ है।
दुबई एक्सपो-2022 में स्टालिन द्वारा शुक्रवार को तमिलनाडु दीर्घा का उद्घाटन करने पर पलानीस्वामी ने कहा कि यह ‘हास्यास्पद’ था क्योंकि पिछले साल एक अक्टूबर को शुरू हुआ यह आयोजन 31 मार्च को समाप्त होने वाला है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम महज दुबई जाने का एक ‘बहाना’ था।
पलानीस्वामी ने स्टालिन पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी विदेश यात्रा राज्य में निवेश आकर्षित करने या तमिलनाडु के लोगों के कल्याण के लिए नहीं है। स्टालिन 24 मार्च को यहां से दुबई के लिए रवाना हुए और उनका 29 मार्च को लौटने का कार्यक्रम है।
उधर, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) ने मुख्यमंत्री की दुबई यात्रा के संबंध में ‘‘ओछी’’ टिप्पणी के लिए शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश (भाजपा) प्रमुख के अन्नामलाई से स्टालिन से बिना शर्त सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और मुख्यमंत्री राहत कोष में 100 करोड़ रुपये जमा करने की मांग की थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 27, 2022 05:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

