देश की खबरें | आधुनिक भारत के निर्माण में बड़ी उपलब्धि साबित होगा एआई विश्वविद्यालय: मुख्यमंत्री योगी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में एआई विश्वविद्यालय एक बड़ी उपलब्धि साबित होगा।
लखनऊ/उन्नाव, 26 जुलाई उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में एआई विश्वविद्यालय एक बड़ी उपलब्धि साबित होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्नाव में स्थापित देश के पहले निजी ‘एआई-ऑगमेंटेड मल्टीडिसिप्लिनरी’ विश्वविद्यालय का उद्घाटन किया।
उन्होंने इस मौके पर कहा कि यह विश्वविद्यालय आधुनिक भारत के निर्माण की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि साबित होगा।
योगी ने उन्नाव की साहित्यिक, सांस्कृतिक और स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाली विरासत को याद करते हुए कहा, “यह नया विश्वविद्यालय तकनीकी प्रगति और राष्ट्रीय शिक्षा नीति के उद्देश्यों को साकार करने का केंद्र बनेगी।”
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विश्वविद्यालय भारत के ‘एआई मिशन’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ जैसे अभियानों के साथ कदम मिलाकर चलने के लिए तैयार है तथा उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय व वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक होगा।
योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में भागीदारी के लिए प्रेरित करते हुए कहा, “आधुनिक शिक्षा के साथ संस्कारवान शिक्षा ही भारत के उज्ज्वल भविष्य की नींव है।”
उन्होंने कहा कि छात्रों को जीवन में अनुशासन, गुरुजनों के मार्गदर्शन और समाज की अपेक्षाओं के अनुरूप आगे बढ़ना चाहिए।
योगी आदित्यनाथ ने कहा, “यह विश्वविद्यालय न केवल आधुनिक शिक्षा का केंद्र बनेगा, बल्कि पुरातन भारतीय ज्ञान परंपरा और नवीनतम तकनीकी शिक्षा का संगम भी प्रस्तुत करेगा।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे शिक्षण संस्थानों की अब तक की सबसे बड़ी चुनौती यह रही है कि उन्होंने स्वयं को एक सीमित दायरे में रखा था।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अकादमिक संस्थानों को अब केवल पढ़ाई के केंद्र नहीं, बल्कि करियर मार्गदर्शन और जीवन निर्माण के मंच के रूप में कार्य करना होगा।
योगी ने कहा कि संस्थान का परिसर केवल अध्ययन का स्थान नहीं बल्कि विद्यार्थियों को सही दिशा देने, योजनाओं से जोड़ने और उद्योगों के अनुकूल कौशल विकसित करने का माध्यम बनना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले आठ वर्ष में 23 नए निजी विश्वविद्यालय अस्तित्व में आए हैं और आज कुल 47 निजी विश्वविद्यालय प्रदेश में उच्च शिक्षा प्रदान कर रहे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 26, 2025 04:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

