विदेश की खबरें | एआई ने शिक्षण और शिक्षा परिदृश्य को नया आकार देने पर पुनर्विचार की आवश्यकता पर बल दिया है:विशेषज्ञ
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) ने शिक्षण, अध्ययन और शिक्षा के परिदृश्य को नया आकार देने पर मौलिक पुनर्विचार की आवश्यकता पर बल दिया है। विशेषज्ञों ने यह बात कही।
दोहा (कतर), सात दिसंबर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) ने शिक्षण, अध्ययन और शिक्षा के परिदृश्य को नया आकार देने पर मौलिक पुनर्विचार की आवश्यकता पर बल दिया है। विशेषज्ञों ने यह बात कही।
विशेषज्ञों ने कहा कि एआई का दुरुपयोग रोकने और युवाओं को प्रौद्योगिकी पर आधारित निरंतर बदलते भविष्य का सामना करने के वास्ते तैयार करने के मद्देनजर नीतियां बनाने की आवश्यकता है।
विशेषज्ञों ने पिछले सप्ताह यहां ‘विश्व शिक्षा नवाचार शिखर सम्मेलन’ (डब्ल्यूआईएसई) के दौरान ‘‘भविष्य की कक्षाओं’’ पर विचार-विमर्श किया।
एआई विशेषज्ञ नीना शिक ने कहा, ‘‘दुनिया मानव विकास के एक निर्णायक मोड़ पर है क्योंकि मशीन हमारे जीने के तरीके, हमारे काम करने के तरीके और यहां तक कि मानव होने के अर्थ को भी गहराई से बदलने वाली हैं।’’
जिस तेजी से एआई प्रणाली की क्षमताएं बढ़ रही हैं, उसका उल्लेख करते हुए नीना ने कहा, ‘‘बुद्धिमत्ता के इस नए युग में स्वाभाविक रूप से मशीन और मानव के एक साथ काम करने के बीच एक सहजीवी संबंध होने जा रहा है।’’
हमाद बिन खलीफा विश्वविद्यालय (एचबीकेयू) में मध्य-पूर्व अध्ययन विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर मार्क ओवेन जोन्स ने गलत सूचना की पहचान करने और उससे निपटने में शिक्षा प्रणालियों के सामने आने वाली चुनौतियों पर चर्चा की और एआई-जनित दुष्प्रचार से निपटने के तरीकों पर अपने विचार व्यक्त किए।
कतर फाउंडेशन में उच्च शिक्षा अध्यक्ष फ्रांसिस्को मारमोलेजो ने कहा, ‘‘संस्थागत स्तर पर, हम नीतियां बना सकते हैं और बनानी भी चाहिए। हममें से कई लोगों के पास विश्वविद्यालय में एआई के उपयोग और हम डेटा का उपयोग कैसे करते हैं, इस पर नीतियां नहीं हैं। संकट शुरू होने से पहले हमें कार्रवाई करने की जरूरत है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे युवाओं को प्रौद्योगिकी और एआई पर आधारित अनिश्चित और लगातार बदलते भविष्य का सामना करने के लिए तैयार रहने की जरूरत है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)