देश की खबरें | अहमदाबाद विमान दुर्घटना: डीएनए जांच से पहचाने गए आखिरी मृतक का अंतिम संस्कार किया गया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुजरात के अहमदाबाद में 12 जून को हुए भयावह विमान हादसे में जान गंवाने वाले अनिल खिमानी की डीएनए जांच के जरिए पहचान होने के बाद कच्छ जिले में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

भुज, 29 जून गुजरात के अहमदाबाद में 12 जून को हुए भयावह विमान हादसे में जान गंवाने वाले अनिल खिमानी की डीएनए जांच के जरिए पहचान होने के बाद कच्छ जिले में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

अनिल, विमान हादसे के बाद डीएनए जांच के जरिये पहचान किये जाने वाले अंतिम मृतक थे। दो सप्ताह के इंतजार और परेशानी के बाद परिवार को राहत मिली। इस दौरान परिवार को दो बार नमूने जमा करने पड़े।

पेशे से राजमिस्त्री और दो नाबालिग बेटियों के पिता 35 वर्षीय अनिल अपने रिश्तेदारों से मिलने के लिए एअर इंडिया की उड़ान संख्या 171 से लंदन जा रहे थे।

सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद विमान मेघाणी नगर में एक मेडिकल कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।

अनिल के पिता लालजीभाई को शुक्रवार शाम को अहमदाबाद सिविल अस्पताल से फोन आया और उन्हें अनिल के शव की पहचान होने की जानकारी दी गयी।

अस्पताल डीएनए जांच और पहचान प्रक्रिया की जिम्मेदारी निभा रहा है।

लालजीभाई ने कहा, “हम शव को अपने पैतृक गांव दहिसरा (भुज शहर के पास) ले आए और शनिवार को अपने सभी रिश्तेदारों और शुभचिंतकों की मौजूदगी में उसका अंतिम संस्कार किया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अधिकारियों को अनिल के शव की पहचान करने में दो सप्ताह से अधिक का समय लगा, लेकिन आखिरकार हमें इस बात की तसल्ली है कि उसकी पहचान हो गई और हम उसे सम्मानजनक अंतिम विदाई दे पाए।”

उन्होंने कहा कि इस दर्द को कम करने के प्रयास में परिवार ने बृहस्पतिवार को प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार किया था।

अनिल के पिता ने कहा, “डीएनए जांच के लिए, मैंने पहले अपना नमूना दिया। लेकिन कुछ दिनों बाद हमें बताया गया कि एक और नमूना देना होगा। हम एक बार फिर अहमदाबाद गए और इस बार मेरी पत्नी ने नमूना दिया।”

दुखी पिता ने बताया कि वे तब से ही परिणामों का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now