ताजा खबरें | अहमदाबाद दुर्घटना: घायल ने बताया, बेहद तेज थी कार की रफ्तार

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. अहमदाबाद में भीषण दुर्घटना में जीवित बचे एक घायल व्यक्ति के अनुसार, यहां इस्कॉन पुल पर नौ लोगों की मौत का कारण बनी कार “बेहद” तेज गति से चल रही थी।

अहमदाबाद, 20 जुलाई अहमदाबाद में भीषण दुर्घटना में जीवित बचे एक घायल व्यक्ति के अनुसार, यहां इस्कॉन पुल पर नौ लोगों की मौत का कारण बनी कार “बेहद” तेज गति से चल रही थी।

अल्तमश कुरैशी उन तमाशबीन में से एक थे जो बृहस्पतिवार को शहर में पुल पर हुई एक दुर्घटना के बाद वहां पर एकत्र हुए थे, तभी एक तेज रफ्तार कार ने वहां जुटे लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई जबकि 10 अन्य घायल हो गए।

सोला सिविल अस्पताल में उपचार करा रहे कुरैशी ने कहा, “एक थार (एसयूवी) के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद मैं और मेरे दोस्त पुल पर गए थे। तभी अचानक पीछे से एक कार आई और हम सभी को टक्कर मार दी। कार की रफ्तार बेहद तेज थी। वह भीड़ में घुस गयी।”

पुलिस ने बताया कि शहर के सैटेलाइट इलाके में सरखेज-गांधीनगर राजमार्ग के इस्कॉन पुल पर दो वाहनों के बीच टक्कर होने के बाद लोगों की भीड़ वहां जमा हो गई थी। तभी देर रात करीब एक बजे तेज गति से आ रही एक जगुआर कार भीड़ में घुस गई।

जगुआर कार की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कुछ पीड़ित हवा में उछल गए और लगभग 25 से 30 फुट दूर जा गिरे। घटनास्थल पर पीड़ितों के खून से सड़क का हिस्सा लाल हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा और उसकी विंडस्क्रीन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के लिए चार.चार लाख रुपये तथा घायलों के लिए 50.50 हजार रुपये के मुआवजे की घोषणा की।

सूत्रों ने कहा कि युवा कार चालक की गुस्साए तमाशबीनों ने पिटाई कर दी और पुल के नीचे खड़े एक व्यक्ति ने उस पिटाई का वीडियो भी बना लिया।

इस्कॉन पुल के नीचे का चौराहा रात में युवाओं के लिए घूमने का एक लोकप्रिय स्थान है। वे वहां चाय पीने और नाश्ता करने आते हैं। इसके अलावा अन्य कस्बों और शहरों में जाने के लिए भी लोग बस या निजी वाहन के इंतजार में इस्कॉन चौराहे पर खड़े रहते हैं।

सूत्रों से पता चला है कि अधिकांश मृतक और घायल पुरुष दूसरे शहरों के युवा थे और शहर में ‘पेइंग गेस्ट’ के रूप में रह रहे थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\