कराची/लाहौर, 28 अप्रैल कराची विश्वविद्यालय में आत्मघाती हमलवार द्वारा किए गए विस्फोट की जांच कर रहे पाकिस्तानी जांचकर्ताओं ने प्रतिबंधित बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) के स्लीपर सेल में और महिला आत्मघाती हमलावर के होने से इनकार किया है। वहीं पुलिस ने लाहौर में पंजाब विश्वविद्यालय से विस्फोट के सिलसिले में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है।
प्रतिष्ठित कराची विश्वविद्यालय में मंगलवार को बुर्का पहनी एक आत्मघाती महिला हमलावर ने एक वैन को विस्फोट कर उड़ा दिया था जिससे तीन चीनी नागरिकों की मौत हो गई और एक अन्य जख्मी हो गया। यह विस्फोट विश्वविद्यालय के कन्फ्यूशियस संस्थान पर किया गया था।
हमले के बाद, प्रतिबंधित बीएलए ने सोशल मीडिया पर विस्फोट की जिम्मेदारी ली और बताया कि हमलावर शारी बलूच नाम की एक महिला थी, जो दो छोटे बच्चों की मां और उच्च शिक्षित थी। वह बलूचिस्तान के संपन्न परिवार से ताल्लुक रखती थी और तूरबत में स्कूल अध्यापिका थी।
सिंध पुलिस के आतंकवाद विरोधी विभाग ने बताया कि हमलावर 1991 में तुरबत में पैदा हुई थी लेकिन अशांत बलूचिस्तान प्रांत के केच जिले में बस गई थी।
विभाग के एक अधिकारी ने बताया, “ शुरुआती छानबीन में पुष्टि हुई कि वह प्रतिबंधित मजीद ब्रिगेड का हिस्सा थी। यह बीएलए का एक हिस्सा है जिसने इन आत्मघाती हमलावरों का ब्रेनवॉश किया था।”
उन्होंने कहा कि वे इस बात की संभावनाओं पर गौर कर रहे हैं कि आत्मघाती हमलावर बनने के लिए और महिलाओं का ब्रेनवॉश किया गया होगा।
उन्होंने का कि इसकी पुष्टि हुई है कि शारी बलूच ने अकेले हमले को अंजाम नहीं दिया था और उसके आका / सूत्रधारों उसे निर्देशित कर रहे थे और उसकी मदद कर रहे थे जिनमें एक महिला भी शामिल है जिससे वह विश्वविद्यालय के दरवाजे पर मिली थी और उसने हमलावर को जानकारी दी थी जिसके बाद वह कन्फ्यूशियस संस्थान के द्वार पर गई जहां उसने उस वैन के पहुंचते ही विस्फोट कर दिया जिसमें चीन के शिक्षक सवार थे।
अधिकारी ने कहा, “हमें शक है कि यह अभियान अंदर की जानकारी की मदद से अंजाम दिया गया था।”
बुधवार को पंजाब पुलिस के आतंकवाद रोधी विभाग (सीटीडी) ने कराची विश्वविद्यालय में हुए आत्मघाती हमले के सिलसिले में लाहौर स्थित पंजाब विश्वविद्यालय से एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है।
सीटीडी के एक सूत्र ने बृहस्पतिवार को पीटीआई- को बताया कि खुफिया एजेंसियों ने उस संदिग्ध का पता लगा लिया जिससे शारी मोबाइल के जरिए लाहौर में संपर्क में थी और उसे पंजाब विश्वविद्यालय के एक छात्रावास में छापेमारी के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY