जरुरी जानकारी | दो दिन की तेजी के बाद शेयर बाजार में गिरावट, सेंसेक्स 106 अंक टूटा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. कमजोर वैश्विक रुख के बीच मंगलवार को प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में दो दिन से जारी तेजी थम गई।
मुंबई, 26 नवंबर कमजोर वैश्विक रुख के बीच मंगलवार को प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में दो दिन से जारी तेजी थम गई।
विशेषज्ञों ने कहा कि अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की व्यापार शुल्क संबंधी धमकियों के कारण बाजार की धारणा कमजोर हुई।
उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 105.79 अंक या 0.13 प्रतिशत गिरकर 80,004.06 अंक पर बंद हुआ। दिन के कारोबार के दौरान यह 311.18 अंक या 0.38 प्रतिशत गिरकर 79,798.67 अंक पर आ गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 27.40 अंक या 0.11 प्रतिशत गिरकर 24,194.50 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के शेयरों में अल्ट्राटेक सीमेंट, अदाणी पोर्ट्स, सन फार्मा, एनटीपीसी, टाटा मोटर्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, लार्सन एंड टुब्रो और पावर ग्रिड में उल्लेखीय गिरावट हुई।
दूसरी ओर एशियन पेंट्स, इन्फोसिस, जेएसडब्ल्यू स्टील, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और रिलायंस इंडस्ट्रीज बढ़त के साथ बंद हुए।
अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि वह 20 जनवरी को पदभार संभालते ही मेक्सिको, कनाडा और चीन पर नए शुल्क लगाने की योजना बना रहे हैं। इसके बाद वैश्विक शेयर बाजारों में गिरावट आई।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कम्पोजिट गिरकर बंद हुए, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में रहा।
यूरोपीय बाजार दोपहर के कारोबार में नुकसान में थे। सोमवार को अमेरिकी बाजार सकारात्मक दायरे में बंद हुए थे।
अदाणी समूह के सभी शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। अदाणी ग्रीन एनर्जी में 7.05 प्रतिशत की गिरावट आई।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.71 प्रतिशत बढ़कर 73.58 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 9,947.55 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 26, 2024 04:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

