विदेश की खबरें | मुख्य उप सचेतक के इस्तीफे के बाद ब्रिटिश सरकार शराब पीने से जुड़े एक और प्रकरण का सामना कर रही

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. ‘पार्टीगेट’ कांड के बाद ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन अब अपने एक सहयोगी के शराब पीने से जुड़े एक और प्रकरण का सामना कर रहे हैं। दरअसल, सत्तारूढ़ पार्टी के अंदर अनुशासन बनाये रखने की जिम्मेदारी संभालने वाले उप मुख्य सचेतक ने इस्तीफा दे दिया है।

लंदन, एक जुलाई ‘पार्टीगेट’ कांड के बाद ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन अब अपने एक सहयोगी के शराब पीने से जुड़े एक और प्रकरण का सामना कर रहे हैं। दरअसल, सत्तारूढ़ पार्टी के अंदर अनुशासन बनाये रखने की जिम्मेदारी संभालने वाले उप मुख्य सचेतक ने इस्तीफा दे दिया है।

कंजरवेटिव पार्टी के उप मुख्य सचेतक क्रिस पिंचर (52) ने बृहस्पतिवार को पद से इस्तीफा दे दिया। इससे पहले, उन्होंने अपने त्याग पत्र में स्वीकार किया कि उन्होंने काफी शराब पी रखी थी और उन्होंने खुद को तथा अन्य लोगों को शर्मिंदा किया।

लंदन स्थित एक क्लब में दो व्यक्तियों को जबरन स्पर्श करने के आरोप सामने आने के बाद प्रधानमंत्री जॉनसन से उक्त सांसद को कंजरवेटिव पार्टी से निलंबित करने की मांग की जा रही है।

पिंचर ने त्याग पत्र में लिखा है, ‘‘बीती रात (बुधवार रात) मैंने काफी शराब पी रखी थी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि इन परिस्थितियों में मेरे लिए यह करना सही रहेगा कि मैं उप मुख्य सचेतक के तौर पर इस्तीफा दे दूं।’’

‘द सन’ समाचार पत्र ने इस्तीफे की खबर देते हुए कहा कि कंजरवेटिव पार्टी के वरिष्ठ सांसद मध्य लंदन के कार्लटन क्लब में शराब पी रहे थे तभी उन्होंने दो अन्य पुरूष अतिथियों का उत्पीड़न किया। समाचार पत्र के अनुसार, इस घटना से चिंतित कई टोरी सांसदों ने उनके व्यवहार के बारे में शिकायत करने के लिए कंजरवेटिव व्हिप (सचेतक) के कार्यालय से संपर्क किया।

विपक्षी लेबर पार्टी की सांसद वाई कूपर ने उन्हें पार्टी से निलंबित करने की मांग करते हुए कहा कि आरोपों की आपैचारिक जांच कराने की जरूरत है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह यौन उत्पीड़न से संबद्ध है।’’

लेबर पार्टी की उप नेता एंजेला रेयनर ने कहा, ‘‘यह नया प्रकरण यह प्रदर्शित करता है कि बोरिस जॉनसन के शासन के तहत सार्वजनिक जीवन में कितना पतन हो गया है।’’

पिंचर के उप मुख्य सचेतक पद से इस्तीफे ने उनकी पार्टी की परेशानियां बढ़ा दी हैं।

उल्लेखनीय है कि जॉनसन को पिछले महीने एक अविश्वास प्रस्ताव का सामना करना पड़ा था, जो कोविड-19 के कारण लगाये गये लॉकडाउन के दौरान सरकारी इमारतों में आयोजन करने की जांच से संबद्ध था। इसके अलावा, हाउस ऑफ कॉमंस में मोबाइल फोन में अश्लील वीडियो देखने को लेकर कंजरवेटिव पार्टी के एक सांसद को इस्तीफा देने के लिए मजबूर होना पड़ा था।

हालिया उपचुनावों में टोरियों के दो सीट पर हारने के बाद कंजरवेटिव पार्टी के अध्यक्ष ओलिवर डावडेन ने पिछले हफ्ते पद से इस्तीफा दे दिया।

यह दूसरा मौका है जब पिंचर (52) ने सरकार के सचेतक की जिम्मेदारी छोड़ी है। नवंबर 2017 में उन्होंने एक शिकायत के बाद ‘जूनियर व्हिप’ (कनिष्ठ सचेतक) पद से इस्तीफा दे दिया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now