देश की खबरें | मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देश के बाद बसंत पंचमी स्नान की तैयारी पूर्ण

महाकुंभ नगर, दो फरवरी महाकुंभ के अंतिम अमृत स्नान पर्व बसंत पंचमी पर मेला प्रशासन और पुलिस को “शून्य त्रुटि” के साथ सकुशल स्नान संपन्न कराने के मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है और एडीजी (अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक) भानु भास्कर स्वयं मेला क्षेत्र में भीड़ नियंत्रण व्यवस्था को देख रहे हैं।

मौनी अमावस्या को संगम नोज पर घटी भगदड़ की घटना के बाद शनिवार को पहली बार प्रयागराज आए मुख्यमंत्री ने घटनास्थल का निरीक्षण किया था और अस्पताल में घायलों से मिलकर उनका हालचाल जाना था।

मुख्यमंत्री ने बसंत पंचमी स्नान के लिए तैयारियों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को शून्य त्रुटि के साथ स्नान संपन्न कराने के निर्देश दिए थे।

रविवार सुबह एडीजी भानु भास्कर मेला प्राधिकरण भवन में स्थित ‘इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी)’ पहुंचे जहां उन्होंने स्क्रीन पर पूरे मेला क्षेत्र, चौराहों और मेला प्रवेश स्थलों को देखा तथा घाट से भीड़ खाली कराने के लिए स्वयं लाउडस्पीकर पर निर्देश दिया।

आईसीसीसी से माइक पर उन्होंने श्रद्धालुओं से कहा, ‘‘कृपया घाट पर स्नान करने के बाद अनावश्यक न बैठें और घाट खाली करें जिससे दूसरे श्रद्धालु स्नान कर सकें। घाट पर खाना-पीना न करें, दूसरी जगह जाकर खानपान करें।’’

भानु भास्कर ने सेंटर में पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि घाट पर कहीं भी भीड़ रुकने न पाए और स्नान करने के बाद वहां से अपने गंतव्यों के लिए प्रस्थान करे।

गाजियाबाद से संगम स्नान करने के बाद वापस जा रही रूपम चंद्रा ने ‘पीटीआई- ’ को बताया, “संगम घाट पर स्नान के बाद श्रद्धालुओं को वहां से हटाया जा रहा है। हर तरफ पुलिस के लोग सीटी बजाकर घाट खाली करने के लिए कह रहे हैं। इसलिए हम स्नान के बाद तुरंत वहां से चल दिए।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)