जरुरी जानकारी | छह सत्रों की गिरावट के बाद सेंसेक्स, निफ्टी में एक प्रतिशत से अधिक का उछाल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. एशियाई बाजारों में सुधार के बीच घरेलू शेयर बाजारों ने शुक्रवार को कारोबार में लगभग एक प्रतिशत बढ़त दर्ज की। गौरतलब है कि इससे पहले छह कारोबारी सत्रों में बाजार लाल निशान में बंद हुआ था।
मुंबई, 27 अक्टूबर एशियाई बाजारों में सुधार के बीच घरेलू शेयर बाजारों ने शुक्रवार को कारोबार में लगभग एक प्रतिशत बढ़त दर्ज की। गौरतलब है कि इससे पहले छह कारोबारी सत्रों में बाजार लाल निशान में बंद हुआ था।
विश्लेषकों के अनुसार, कंपनियों के उम्मीद से बेहतर तिमाही नतीजों ने भी निवेशकों की भावनाओं को बढ़ावा दिया, जबकि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स कारोबार में 634.65 अंक यानी 1.01 प्रतिशत उछलकर 63,782.80 पर बंद हुआ। दिन में इसने 63,913.13 और 63,393.37 के बीच कारोबार किया। निफ्टी 202.45 अंक यानी 1.07 प्रतिशत चढ़कर 19,059.70 पर बंद हुआ।
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, “मुद्रा में नरमी और वैश्विक बॉन्ड प्रतिफल की अस्थिरता के साथ एफआईआई की संयमित बिकवाली के कारण घरेलू बाजार में कल की तेज गिरावट की तुलना में अच्छा सुधार हुआ।”
उन्होंने कहा, “दूसरी तिमाही के नतीजे अच्छे रहे हैं, जो उत्साहजनक अनुमान के अनुरूप है। फिर भी, ऊंची ब्याज दरों और भू-राजनीतिक जोखिम के कारण विश्व अर्थव्यवस्था में और मंदी की आशंका के कारण बाजार उत्साहित नहीं है।”
एक्सिस बैंक के शेयर सर्वाधिक 3.07 प्रतिशत बढ़े, जिसके बाद एचसीएल टेक, एसबीआई, एनटीपीसी, टाटा मोटर्स, नेस्ले इंडिया और इन्फोसिस के शेयर लाभ में रहे।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में भारी खरीदारी देखी गई और यह 1.75 प्रतिशत बढ़कर 2,265.25 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी बाजार बंद होने के बाद अपने तिमाही नतीजों की घोषणा करेगी।
वहीं दूसरी तरफ, एशियन पेंट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट और आईटीसी के शेयरों में गिरावट देखी गई।
सभी क्षेत्रों के सूचकांक हरे निशान में बंद हुए। बिजली (2.04 प्रतिशत), सेवा (1.79 प्रतिशत), औद्योगिक (1.63 प्रतिशत), रियल्टी (1.63 प्रतिशत) और आईटी (1.36 प्रतिशत) खंड में उल्लेखनीय बढ़त हुई।
अन्य एशियाई बाजारों में सियोल, शंघाई, तोक्यो और हांगकांग के बाजार शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुए। यूरोपीय बाजारों में मिला-जुला रुख रहा।
अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को नकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.50 प्रतिशत की बढ़त के साथ 90.13 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 7,702.53 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 27, 2023 04:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

