एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | दिल्ली में कंपकंपाती सुबह के बाद धूप खिलने से लोगों को मिली राहत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली में सोमवार की शुरुआत कड़ाके की ठंड और कोहरे से हुई लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही धूप खिलने से लोगों को कंपकंपाती सर्दी से राहत मिली। सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का सबसे कम तापमान रहा।

देश की खबरें | दिल्ली में कंपकंपाती सुबह के बाद धूप खिलने से लोगों को मिली राहत

नयी दिल्ली, 15 जनवरी दिल्ली में सोमवार की शुरुआत कड़ाके की ठंड और कोहरे से हुई लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही धूप खिलने से लोगों को कंपकंपाती सर्दी से राहत मिली। सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का सबसे कम तापमान रहा।

एक अधिकारी के मुताबिक, खराब मौसम के कारण सोमवार तड़के दिल्ली हवाई अड्डे पर पांच उड़ानों के मार्ग परिवर्तित किये गये।

अधिकारी ने बताया कि देर रात एक बजे से तड़के पांच बजे के बीच चार उड़ानों को जयपुर और एक को अहमदाबाद भेज दिया गया।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार शाम चार बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 359 दर्ज किया गया, जो 'बहुत खराब' श्रेणी में था हालांकि रविवार के मुकाबले एक्यूआई में सुधार देखा गया। रविवार को एक्यूआई 447 रहा था, जो 'गंभीर' श्रेणी में आता है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि शहर के कई हिस्सों में कोहरे की मोटी परत देखी गई। हालांकि दोपहर तेज धूप खिलने के कारण पारा 19.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो साल के इस समय के लिए सामान्य है।

आईएमडी के मुताबिक, सापेक्ष आर्द्रता का स्तर 43 प्रतिशत से 100 प्रतिशत के बीच रहा।

राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सोमवार से पहले तक मौसम का सबसे कम तापमान था।

इससे पहले शनिवार को 3.6 डिग्री सेल्सियस और शुक्रवार को 3.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया था।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने मंगलवार को सुबह बेहद घने कोहरे का पूर्वानुमान जताया है।

शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 15, 2024 08:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).