एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | रिकॉर्ड तेजी के बाद शेयर बाजार में कारोबार हल्का, सेंसेक्स, निफ्टी स्थिर बंद

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. रिकॉर्ड तेजी के सिलसिले के बाद बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी मंगलवार को सुस्त कारोबार के बीच लगभग स्थिर रुख के साथ बंद हुए। निफ्टी में लगातार 14वें कारोबारी सत्र में तेजी रही।

जरुरी जानकारी | रिकॉर्ड तेजी के बाद शेयर बाजार में कारोबार हल्का, सेंसेक्स, निफ्टी स्थिर बंद

मुंबई, तीन सितंबर रिकॉर्ड तेजी के सिलसिले के बाद बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी मंगलवार को सुस्त कारोबार के बीच लगभग स्थिर रुख के साथ बंद हुए। निफ्टी में लगातार 14वें कारोबारी सत्र में तेजी रही।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स में 10 दिन से जारी तेजी पर विराम लगा और यह 4.40 अंक यानी 0.01 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 82,555.44 अंक पर बंद हुआ। दिन में कारोबार के दौरान यह 159.08 अंक तक टूट गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी में लगातार 14वें दिन तेजी रही और यह 1.15 अंक की मामूली बढ़त के साथ 25,279.85 अंक की रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में बजाज फाइनेंस, इन्फोसिस, अदाणी पोर्ट्स, जेएसडब्ल्यू स्टील, एचसीएल टेक, भारती एयरटेल, इंडसइंड बैंक और टाटा मोटर्स सबसे ज्यादा नुकसान में रहीं।

दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फिनसर्व, टाइटन, नेस्ले और एचडीएफसी बैंक शामिल हैं।

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘वैश्विक स्तर पर मिले-जुले रुख और किसी ठोस संकेत के अभाव में... घरेलू बाजार स्थिर रहा। विनिर्माण गतिविधियों में नरमी को लेकर निवेशक थोड़े सतर्क दिखे। विनिर्माण गतिविधियों में नरमी मांग में सुस्ती को दर्शाती है।’’

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार के दौरान गिरावट का रुख था। अमेरिकी बाजार सोमवार को श्रम दिवस के मौके पर बंद रहे।

मेहता इक्विटीज लि. के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) प्रशांत तापसे ने कहा, ‘‘हल्के कारोबार में बाजार स्थिर बंद हुआ। एशिया और यूरोप के बाजारों में कमजोर संकेत के बीच निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया। साथ ही, हाल की तेजी के बाद निवेशक आगे की बढ़त को लेकर थोड़े सतर्क दिखे।’’

छोटी कंपनियों के शेयरों का प्रतिनिधित्व करने वाला बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक 0.54 प्रतिशत चढ़ा जबकि मझोली कंपनियों से जुड़ा मिडकैप सूचकांक 0.19 प्रतिशत के लाभ में रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 1,735.46 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.79 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76.13 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 03, 2024 06:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).