एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | दक्षिण अफ्रीका को 55 रन पर समेटने के बाद भारत के चाय तक चार विकेट पर 111 रन

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारत ने मोहम्मद सिराज के करियर के सर्वश्रेष्ठ छह विकेट के प्रदर्शन की बदौलत बुधवार को यहां दूसरे और आखिरी टेस्ट के शुरूआती दिन दक्षिण अफ्रीका को पहली पारी में 55 रन पर समेटने के बाद चाय तक चार विकेट पर 111 रन बनाकर 56 रन की बढ़त हासिल की।

खेल की खबरें | दक्षिण अफ्रीका को 55 रन पर समेटने के बाद भारत के चाय तक चार विकेट पर 111 रन

केपटाउन, तीन दिसंबर भारत ने मोहम्मद सिराज के करियर के सर्वश्रेष्ठ छह विकेट के प्रदर्शन की बदौलत बुधवार को यहां दूसरे और आखिरी टेस्ट के शुरूआती दिन दक्षिण अफ्रीका को पहली पारी में 55 रन पर समेटने के बाद चाय तक चार विकेट पर 111 रन बनाकर 56 रन की बढ़त हासिल की।

पिच पर बल्लेबाजी करना आसान नहीं है जिससे मैच का नतीजा दो या तीन दिन के अंदर निकल सकता है। शीर्ष क्रम के चरमराने के बावजूद भी भारत ने 56 रन की बढ़त बना ली।

सिराज ने लगातार नौ ओवर के अपने पहले स्पैल में 15 रन देकर छह विकेट झटके। दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज उनके पिच से हासिल किये गये असमान उछाल और मूवमेंट से निपटने में असफल रही।

दक्षिण अफ्रीका का यह 1991 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी के बाद टेस्ट क्रिकेट में सबसे कम स्कोर है।

भारतीय बल्लेबाज भी हालांकि दक्षिण अफ्रीका के बायें हाथ के तेज गेंदबाज नानड्रे बर्गर (3/42) के अजीब कोण और उछाल के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन नहीं दिखा सके।

रोहित शर्मा (50 गेंद में 39 रन) और शुभमन गिल (55 गेंद में 36 रन) ने कुछ अच्छी बाउंड्री लगायी लेकिन प्रतिभाशाली यशस्वी जायसवाल (शून्य) और श्रेयस अय्यर (शून्य) की तकनीकी खामियां फिर उजागर हुईं और वे स्कोर में कोई योगदान नहीं कर सके।

सिराज से पहले देश के 92 वर्ष के टेस्ट इतिहास में लंच से पहले इस तरह का शानदार प्रदर्शन बायें हाथ के स्पिनर मनिंदर सिंह के नाम है जिन्होंने 1986-87 में बेंगलुरु में पाकिस्तान के खिलाफ लंच से पहले पांच विकेट झटकने की उपलब्धि हासिल की थी।

बुधवार को उमस भरी सुबह दक्षिण अफ्रीका बल्लेबाजों को सिराज की तेजी, स्विंग और सीम मूवमेंट का सामना करने में काफी परेशानी हुई जिससे पूरी टीम पहली पारी में महज 23.2 ओवर में पवेलियन पहुंच गयी।

केवल डेविड बेडिघंम (12 रन) और काइल वेरेयने (15 रन) ही दो बल्लेबाज रहे जो दोहरे अंक तक पहुंच सके जिससे स्टैंड में मौजूद दक्षिण अफ्रीकी दर्शक मायूस हो गये। सिराज ने नौ ओवर में तीन मेडन से 15 रन देकर छह विकेट झटके।

जसप्रीत बुमराह (आठ ओवर में 25 रन देकर दो विकेट) ने भी दूसरे छोर से दबाव बनाये रखा जिससे रोहित ने भी प्रतिद्वंद्वी टीम के कप्तान डीन एल्गर को उनके विदाई टेस्ट में परेशान रखने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

मुकेश कुमार (बिना रन दिये दो विकेट) ने पुछल्ले बल्लेबाजों को समेटा और साबित किया कि इन परिस्थितियों में वह शार्दुल ठाकुर से कहीं बेहतर हैं।

सेंचुरियन में पारी की हार के बाद भारतीय समर्थकों ने भी गेंदबाजों से इस तरह के शानदार प्रदर्शन की उम्मीद नहीं की होगी।

सिराज ने चार से छह मीटर तक फुल लेंथ गेंद डालना जारी रखा और पिच से मिले उछाल ने इसमें मदद की।

दूसरे छोर पर बुमराह ने बैक लेंथ पर हिट किया और भारतीय कप्तान ने भी अलग तरह का क्षेत्ररक्षण सजाकर गेंदबाजों का पूरा सहयोग दिया।

जब सिराज ने गेंदबाजी शुरू की तो लेग स्लिप पर खिलाड़ी मौजूद था जबकि बुमराह के लिए रोहित खुद शॉर्ट लेग पर खड़े रहे।

ऐडन मार्कराम हवा में बलखाती गेंद को खेलने के प्रयास में यशस्वी जायसवाल को शानदार कैच देकर आउट हुए।

दक्षिण अफ्रीका के कप्तान डीन एल्गर जल्द ही सिराज की फुल लेंथ गेंद पर शॉट खेलने के प्रयास में बोल्ड हो गये।

बुमराह ने फिर युवा ट्रिस्टन स्टब्स को शॉर्ट लेग पर कप्तान के हाथों कैच आउट किया।

टोनी डिजोर्जी की ऊंची गेंद को मारने की आदत उन पर भारी पड़ी और वह विकेटकीपर के हाथों कैच आउट हुए।

डेविड बेडिघंम को ड्राइव करने के लिये ललचाया गया और अतिरिक्त उछाल ने उनकी पारी भी खत्म कर दी।

मार्को यानसेन ने सिराज की गेंद पर बल्ला छुआया जिससे इस भारतीय गेंदबाज को पांचवां विकेट मिला और तब तक कोई नहीं जानता था कि दक्षिण अफ्रीका को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी के बाद इतनी शर्मनाक सुबह देखनी होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 03, 2024 06:58 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).