देश की खबरें | दिल्ली के आदर्श नगर में कहासुनी के बाद युवती को उसके दोस्त ने चाकू घोंपा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर पश्चिमी दिल्ली के आदर्श नगर में कहासुनी के बाद 21-वर्षीया एक महिला को उसके दोस्त ने कथित तौर पर चाकू मार दिया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, चार जनवरी उत्तर पश्चिमी दिल्ली के आदर्श नगर में कहासुनी के बाद 21-वर्षीया एक महिला को उसके दोस्त ने कथित तौर पर चाकू मार दिया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना सोमवार दोपहर की है और आरोपी सुखविंदर सिंह (22) को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता की हालत स्थिर है।
पुलिस ने बताया कि सिंह और युवती लंबे समय से दोस्त थे, लेकिन मामूली विवाद के बाद युवती ने सिंह से बात करना बंद कर दिया था। युवक ने सोमवार को युवती को उसके घर के पास बुलाया और बात न करने को लेकर उससे बहस करने लगा। युवती पर तब भी कोई असर नहीं पड़ा तो सिंह ने उस पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।
उत्तर-पश्चिमी दिल्ली की पुलिस उपायुक्त ऊषा रंगनानी ने कहा कि आदर्श नगर पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को मंगलवार को उस वक्त पकड़ लिया गया जब वह अंबाला से दिल्ली लौट रहा था।
पुलिस ने कहा कि पीड़िता को बाबू जगजीवन राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत स्थिर बताई गई है। पुलिस के अनुसार, इस घटना में उसके शरीर पर तीन जगह जख्म हुआ है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने कहा कि चार-पांच साल पहले उसकी सिंह से दोस्ती हुई थी, लेकिन उसके परिवार को उनकी दोस्ती पसंद नहीं आई, जिसके बाद उसने धीरे-धीरे खुद को उससे दूर करना शुरू कर दिया और इन दिनों दोनों में बात नहीं हो रही थी।
उन्होंने कहा कि घटना के बाद शोर सुनकर लोग मौके पर पहुंचे और युवती को स्थानीय क्लिनिक ले गए। बाद में उसे बाबू जगजीवन राम अस्पताल स्थानांतरित कर दिया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)