देश की खबरें | आप के चुनाव बहिष्कार के बाद भाजपा एमसीडी पर फिर नियंत्रण जमाने के लिए तैयार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा सोमवार को महापौर चुनाव के बहिष्कार की घोषणा करने के साथ ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दो साल से अधिक समय बाद दिल्ली नगर निगम की सत्ता में लौटने को रास्ता साफ हो गया है।
नयी दिल्ली, 21 अप्रैल आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा सोमवार को महापौर चुनाव के बहिष्कार की घोषणा करने के साथ ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दो साल से अधिक समय बाद दिल्ली नगर निगम की सत्ता में लौटने को रास्ता साफ हो गया है।
दिल्ली में महापौर और उपमहापौर पदों के लिए 25 अप्रैल को होने वाले चुनाव की खातिर नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवार मैदान में उतरे।
भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व महापौर एवं निगम में विपक्ष के नेता राजा इकबाल सिंह ने महापौर पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। वह मुखर्जी नगर, वार्ड नंबर 13 का प्रतिनिधित्व करते हैं।
उपमहापौर पद के लिए भाजपा ने जय भगवान यादव को नामित किया है, जो बेगमपुर, वार्ड नंबर 27 के पार्षद हैं।
कांग्रेस के मनदीप सिंह ने महापौर पद के लिए नामांकन दाखिल किया। वह नांगलोई वार्ड नंबर 47 का प्रतिनिधित्व करते हैं। अरीबा खान उपमहापौर पद के लिए पार्टी की उम्मीदवार हैं। वह अबुल फजल एन्क्लेव वार्ड नंबर 188 की पार्षद हैं।
निगम पर भाजपा के 15 साल के कब्जे को समाप्त करने के बाद आम आदमी पार्टी दो साल से अधिक समय से एमसीडी में सत्तारूढ़ है। उसने महापौर चुनाव में भाग नहीं लेने का फैसला किया है।
महापौर और उपमहापौर दोनों पदों के लिए चुनाव 25 अप्रैल को एमसीडी की आम सभा की बैठक के दौरान होंगे।
आप ने 2022 के एमसीडी चुनाव में 250 वार्डों में से 134 पर जीत हासिल की थी तथा भाजपा 104 पर विजयी रही थी। हालांकि, बाद में आप के कई पार्षद भाजपा में शामिल हो गए।
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी ने एक प्रेसवार्ता में कहा,‘‘आम आदमी पार्टी (आप) एमसीडी में भी एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएगी। भाजपा ने एमसीडी चुनाव के दौरान खूब धांधली की, लेकिन फिर भी वह बुरी तरह हार गई। इसके बाद भी यह बंद नहीं हुआ और पार्षदों को खरीद लिया गया।’’
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ‘‘तोड़फोड़ और खरीद-फरोख्त की राजनीति’’ में विश्वास नहीं करती है और इसलिए उसने महापौर पद के चुनाव में भाग नहीं लेने का फैसला किया है।
मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता रेखा गुप्ता ने कहा, ‘‘ दिल्ली में आप का राजनीतिक आधार खिसक चुका है और लोगों का पार्टी पर से भरोसा उठ चुका है। यह अच्छी बात है कि लोगों को एहसास हो गया है कि दिल्ली में हालात बदल चुके हैं।’’
महापौर चुनाव से दूर रहने के आप के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा, “यह दुखद है कि दिल्ली ने उसे वास्तविक बदलाव लाने का मौका दिया, लेकिन अब वह एमसीडी महापौर चुनाव से पीछे हट रही है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)