एजेंसी न्यूज

51 दिनों बाद 1500 यात्रियों को लेकर पटना से एक विशेष ट्रेन दिल्ली के लिए रवाना

रेलवे ने 15 विशेष ट्रेनों के लिए दिशानिर्देश जारी किए थे जिसके लिए बुकिंग सोमवार शाम छह बजे शुरू हुई थी।

51 दिनों बाद 1500 यात्रियों को लेकर पटना से एक विशेष ट्रेन दिल्ली के लिए रवाना
जमात

पटना, 12 मई कोरोना वायरस संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए लागू लॉकडाउन के मद्देनजर ट्रेन सेवाओं के निलंबन के 51 दिनों बाद पटना शहर के राजेंद्र नगर टर्मिनल से मंगलवार को लगभग 1500 यात्रियों को लेकर पूरी तरह से वातानुकूलित एक विशेष ट्रेन नयी दिल्ली के लिए रवाना हुई।

रेलवे ने 15 विशेष ट्रेनों के लिए दिशानिर्देश जारी किए थे जिसके लिए बुकिंग सोमवार शाम छह बजे शुरू हुई थी।

21 बोगी वाली पूरी तरह से वातानुकूलित यह विशेष ट्रेन (02309) है, जिसमें राजधानी ट्रेन के रैक लगे हुए हैं। ये ट्रेन पटना शहर के राजेंद्र नगर टर्मिनल से मंगलवार को 19:20 बजे (शाम 7:20 बजे) प्रस्थान कर गयी जो कि अगले दिन सुबह 7:40 बजे नयी दिल्ली पहुंचेगी।

इस ट्रेन के यात्रा करने वाले यात्री ट्रेन के निर्धारित समय से 90 मिनट पहले राजेंद्र नगर टर्मिनल और पटना जंक्शन स्टेशन पहुंचे थे। ये सभी लॉकडाउन के कारण पटना में आकर फंस गए थे। ये यात्री राष्ट्रीय राजधानी लौट पाने को लेकर बहुत खुश थे ।

पटना जंक्शन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे एक यात्री ने कहा “मेरा पूरा परिवार दिल्ली में रहता है। मैं 15 मार्च को एक काम के सिलसिले में पटना आया था और लॉकडाउन के कारण यहां फंस गया। अब मैं अंत में दिल्ली जा रहा हूं''।

13 मार्च को राजस्थान से पटना आये एक अन्य यात्री ने कहा कि वह लॉकडाउन के कारण पटना में फंस गये थे।

एक अन्य व्यक्ति, जो मूल रूप से राजस्थान का रहने वाले थे और यहाँ एक अस्पताल में काम करते थे, अपनी गर्भवती पत्नी को पटना जंक्शन पर छोड़ने आये थे।

कोविड-19 वार्ड में ड्यूटी देने वाले इस व्यक्ति ने कहा कि वह बहुत खुश हैं कि उनकी गर्भवती पत्नी उनके घर जा रही है, जहां वह सुरक्षित रहेगी और कोरोना वायरस संक्रमण की चपेट में नहीं आएगी।

रेलवे ने 51 दिनों के बाद दिल्ली से और दिल्ली के लिए कुछ विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया।

पूर्व मध्य रेलवे (ईसीआर) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि पटना से 51 दिनों के बाद ट्रेन सेवा फिर से शुरू की जा रही है। पहली पूरी तरह से वातानुकूलित 21 बोगी वाली स्पेशल ट्रेन राजेंद्र नगर टर्मिनल से नयी दिल्ली के लिए 1498 यात्रियों को लेकर रवाना हुई है। पटना जंक्शन से निकलने वाली अंतिम ट्रेन 21 मार्च को पटना-कुर्ला (13201) थी।

कोरोना वायरस संक्रमण को देखते हुए ट्रेनों को सुचारू रूप से चलाने के लिए और यात्रियों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक और पर्याप्त उपाय किए गए हैं।

राजेश ने कहा कि ई-टिकट वाले यात्रियों को केवल स्टेशनों में प्रवेश करने की अनुमति होगी। ट्रेन के टिकट केवल आईआरसीटीसी की वेबसाइट से बुक किए जा सकते हैं क्योंकि बुकिंग काउंटर बंद रहेंगे। यात्री सात दिन पहले तक टिकट बुक कर सकते हैं। इन ट्रेनों का किराया राजधानी ट्रेनों के बराबर होगा।

उन्होंने कहा कि यात्रियों को स्वास्थ्य जांच के लिए ट्रेन के प्रस्थान करने से कम से कम 90 मिनट पहले स्टेशन पहुंचना होगा और स्टेशन पर प्रत्येक यात्री की थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी तथा उन्हें फेस कवर या मास्क पहनना होगा।

राजेश कुमार ने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी यात्री में खांसी के लक्षण हैं, तो उन्हें ट्रेन में चढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। आरोग्य सेतु मोबाइल एप्लिकेशन इंस्टॉल करना उनके (यात्रियों) लिए "अनिवार्य" किया गया है। यदि एप्लिकेशन यात्री को "सुरक्षित" दिखाता है, तभी उसे आगे यात्रा करने की अनुमति दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि स्टेशन परिसर और यात्रियों के सामानों को सेनिटाइज किया जा रहा है ।

यह पूछे जाने पर कि कब तक ट्रेन सेवा जारी रहेगी, राजेश कुमार ने कहा कि कोरोनो वायरस का संक्रमण सहित आगे परिस्थिति कैसी रहती है इसे ध्यान में रखते हुए ट्रेनों को अगले आदेशों तक चलाया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 12, 2020 09:47 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).