देश की खबरें | अधिवक्ता सोमशेखर सुंदरेशन ने बंबई उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में ली शपथ
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अधिवक्ता सोमशेखर सुंदरेशन ने मंगलवार को बंबई उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में शपथ ली।
मुंबई, 28 नवंबर अधिवक्ता सोमशेखर सुंदरेशन ने मंगलवार को बंबई उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में शपथ ली।
उच्चतम न्यायालय के कॉलेजियम द्वारा उनके नाम की सिफारिश किए जाने के 11 महीने बाद केंद्र सरकार ने 23 नवंबर को सुंदरेशन को अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया था।
बंबई उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश डी के उपाध्याय ने मंगलवार को सुंदरेशन को शपथ दिलाई।
बंबई उच्च न्यायालय के कॉलेजियम ने अक्टूबर, 2021 में न्यायाधीश बनाने के लिए सुंदरेशन के नाम की सिफारिश की थी। इसके बाद फरवरी 2022 में उच्चतम न्यायालय के कॉलेजियम ने भी उनके नाम की सिफारिश की थी।
हालांकि, नवंबर 2022 में केंद्र सरकार ने सुंदरेशन के नाम पर पुनर्विचार का अनुरोध करते हुए कहा था कि उन्होंने कई मामलों पर सोशल मीडिया में अपने विचार व्यक्त किए हैं जो अदालतों में विचाराधीन हैं।
लेकिन उच्चतम न्यायालय के कॉलेजियम ने इस साल जनवरी में सुंदरेशन को न्यायाधीश के रूप में प्रोन्नत करने की अपनी सिफारिश को दोहराते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर व्यक्त किये गये उनके विचार यह अनुमान लगाने का कोई आधार नहीं तैयार करते कि वह पूर्वाग्रह से ग्रस्त हैं।
केंद्र सरकार ने 23 नवंबर को उनके नाम को मंजूरी दे दी और उन्हें अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया। बंबई उच्च न्यायालय में फिलहाल 68 न्यायाधीश कार्यरत हैं, जबकि वहां न्यायाधीशों के कुल पदों की संख्या 94 है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 28, 2023 04:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

