देश की खबरें | हथिनीकुंड बैराज में जल प्रवाह बढ़ने के बाद कड़ी नजर रख रहा है प्रशासन : अधिकारी

यमुनानगर (हरियाणा), 26 सितंबर हथिनीकुंड बैराज में सोमवार सुबह जल प्रवाह बढ़ने के बाद यहां जिला प्रशासन यमुना के नजदीक स्थित गांवों पर कड़ी नजर रख रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि हथिनीकुंड बैराज से सुबह छह बजे 2.95 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया जो मानसून के इस मौसम में अभी तक सबसे अधिक है।

उन्होंने बताया कि इसके बाद जिला प्रशासन नदी के नजदीक स्थित गांवों पर कड़ी नजर रख रहे हैं।

पिछले कुछ दिनों में हरियाणा तथा पड़ोसी हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश हुई है। अधिकारियों ने लोगों को यमुना नदी के नजदीक न जाने की सलाह दी है।

अधीक्षण अभियंता आर. एस. मित्तल ने कहा कि हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण सुबह यमुना में जल स्तर बढ़ने के बाद अलर्ट जारी किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि 2.5 लाख क्यूसेक से अधिक के जल प्रवाह को बहुत ज्यादा माना जाता है। बहरहाल, जल प्रवाह दर दोपहर एक बजे तक कम होकर 2,13,900 क्यूसेक रह गयी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)