एजेंसी न्यूज

“आदिपुरुष” की सिनेमाघरों में धमाकेदार शुरुआत, लेकिन ‘विजुअल इफेक्ट्स’ को लेकर हो रही आलोचना

सिनेमाघरों के अंदर और बाहर भावनाओं का सैलाब देखने को मिला. हैदराबाद में कथित तौर पर फिल्म की आलोचना करने पर एक व्यक्ति की पिटाई किए जाने का मामला सामने आया. बताया जा रहा है कि उस व्यक्ति ने कहा था कि फिल्म में राम का किरदार प्रभास पर जमा नहीं. इसके बाद, उसके और प्रभास के प्रशंसकों के बीच तीखी बहस हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में तब्दील हो गई.

“आदिपुरुष” की सिनेमाघरों में धमाकेदार शुरुआत, लेकिन ‘विजुअल इफेक्ट्स’ को लेकर हो रही आलोचना
ओम राउत (Photo Credits: Instagram)

मुंबई: रामायण पर आधारित चर्चित फिल्म 'आदिपुरुष' शुक्रवार को रिलीज हो गई, जिस दौरान कई सिनेमाघरों में दर्शकों की काफी भीड़ रही और एक सीट भगवान हनुमान के लिए खाली रखी गई. हालांकि, हैदराबाद में फिल्म की बुराई करने वाले एक व्यक्ति की कथित पिटाई किये जाने का मामला भी सामने आया है.

फिल्म में अभिनेता प्रभास ने राघव (राम), कृति सैनन ने जानकी (सीता), सनी सिंह ने शेष (लक्ष्मण) और सैफ अली खान ने लंकेश (रावण) की भूमिका निभाई है. इसका निर्देशन ओम राउत ने किया है और टी-सीरीज कंपनी निर्माता है. फिल्म को मिल रही मिजी-जुली प्रतिक्रिया के बावजूद पहले दिन इसके बंपर कमाई करने की उम्मीद की जा रही है. Adipurush: 'भगवान राम का उड़ाया मजाक'...फिल्म आदिपुरुष के खिलाफ दिल्ली HC में याचिका दायर

दिन में, ज्यादातर समय सोशल मीडिया पर “आदिपुरुष” फिल्म चर्चा में रही. इस दौरान सीट पर बैठते समय लोगों के प्रार्थना करने की वीडियो और तस्वीरें भी सामने आईँ. कहीं भगवान हनुमान के फोटो और फूलों से सजी एक सीट, तो कहीं भगवा रंग के कपड़े में लिपटी सीट पर हनुमान का फोटो रख कर माला पहनाई हुई थी और सीट पर “जय श्री राम” लिखा हुआ था.

फिल्म रिलीज होने से पहले निर्माताओं ने जमकर प्रचार किया था. बताया जा रहा है कि फिल्म का बजट 500 करोड़ रुपये है. ट्रेलर लांच होने के मौके पर निर्देशक ने घोषणा की थी कि एक सीट भगवान हनुमान के लिए आरक्षित होगी.

सिनेमाघरों के अंदर और बाहर भावनाओं का सैलाब देखने को मिला. हैदराबाद में कथित तौर पर फिल्म की आलोचना करने पर एक व्यक्ति की पिटाई किए जाने का मामला सामने आया. बताया जा रहा है कि उस व्यक्ति ने कहा था कि फिल्म में राम का किरदार प्रभास पर जमा नहीं. इसके बाद, उसके और प्रभास के प्रशंसकों के बीच तीखी बहस हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में तब्दील हो गई.

भगवान हनुमान के लिए खाली रखी गई सीट पर बैठने को लेकर एक व्यक्ति की पिटाई किए जाने के बारे में भी खबरें आई हैं. हालांकि, इन खबरों की पुष्टि नहीं हुई है. फिल्म को इसके ‘वीएफएक्स’ (विजुअल इफेक्ट्स) की गुणवत्ता और भगवान हनुमान की भूमिका निभाने वाले अभिनेता द्वारा बोले गए 'टपोरी' शैली के संवादों के लिए भी आलोचना का सामना करना पड़ा. समीक्षकों ने फिल्म की गंभीरता से समीक्षा की और इसे पुरानी फिल्मों का मिला-जुला रूप बताया.

वितरक-प्रदर्शक अक्षय राठी के पास छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में थिएटर हैं. उन्होंने कहा कि फिल्म के बारे में शुरुआती रूझान उत्साहजनक हैं. उन्होंने कहा, “दर्शकों की संख्या बहुत उत्साहजनक है. 'केरल स्टोरी' और 'पठान' के बाद इस फिल्म के लिए दर्शक अच्छी खासी संख्या में जुट रहे हैं. इसलिए, रामायण पर आधारित इस फिल्म को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शकों को सिनेमाघरों में आता देखना अच्छा अनुभव है.”

व्यापार विशेषज्ञों ने "आदिपुरुष" की अग्रिम बुकिंग संख्या को देखते हुए शानदार शुरुआत का संकेत दिया है. फिल्म ने पहले दिन 80 करोड़ रुपये से अधिक कमाई की. ‘पीवीआर आईनॉक्स लिमिटेड’ के सह-सीईओ गौतम दत्ता ने फिल्म की रिलीज से पहले ‘पीटीआई-’ को बताया कि वे पहले दिन “करीब 80-85 करोड़ रुपये” कमाई होती देख रहे हैं.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 16, 2023 09:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).