एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | अभिनेता रजनीकांत 73 साल के हुए, फिल्म जगत की तमाम हस्तियों ने दी शुभकामनाएं

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अभिनेता रजनीकांत मंगलवार को 73 साल के हो गए। अभिनेता कमल हासन, धनुष, जैकी श्रॉफ और काजोल समेत सिनेमा जगत की कई हस्तियों ने उन्हें जन्मदिन पर बधाई दी।

देश की खबरें | अभिनेता रजनीकांत 73 साल के हुए, फिल्म जगत की तमाम हस्तियों ने दी शुभकामनाएं

नयी दिल्ली, 12 दिसंबर अभिनेता रजनीकांत मंगलवार को 73 साल के हो गए। अभिनेता कमल हासन, धनुष, जैकी श्रॉफ और काजोल समेत सिनेमा जगत की कई हस्तियों ने उन्हें जन्मदिन पर बधाई दी।

फिल्म जगत की हस्तियों ने सोशल मीडिया के जरिए रजनीकांत को उनके 73वें जन्मदिन पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।

दिग्गज अभिनेता कमल हासन ने 'एक्स' पर एक पोस्ट कर अपने मित्र रजनीकांत को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

कमल हासन ने 'एक्स' पर लिखा, ‘‘ मैं दिल से इस बात की कामना करता हूं कि आप आज और हमेशा सफलता प्राप्त करते हुए एक खुशहाल जीवन जिएं।’’

अभिनेता धनुष सोशल मीडिया पर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देने वाले शुरुआती लोगों में से एक थे।

धनुष ने 'एक्स' पर लिखा, ‘‘जन्मदिन मुबारक हो थलाइवा रजनीकांत।’’

अभिनेता जैकी श्रॉफ ने 'एक्स' पर रजनीकांत के साथ अपना एक वीडियो साझा करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

अभिनेत्री काजोल ने 'एक्स' पर लिखा, ‘‘कामना करती हूं कि थलाइवर कई और वर्षों तक हर संभव तरीके से गोलियों को मोड़ने और दीवारों को तोड़ने के लिए काम करते रहें! सुपरस्टार रजनीकांत को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।’’

मलयालम फिल्मों के अभिनेता मोहनलाल और मामूट्टी ने भी रजनीकांत को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

मोहनलाल ने 'एक्स' पर लिखा, ‘‘ मेरे प्रिय रजनीकांत सर को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं! वह दयालुता और विनम्रता के सच्चे अवतार हैं, जो लाखों लोगों को प्रेरित करते हैं। जीवन के आने वाले वर्षों में रजनीकांत के स्वस्थ और खुशहाल होने की कामना करता हूं।’’

इस अवसर पर चेन्नई में बड़ी संख्या में रजनीकांत के उत्साही प्रशंसक उन्हें जन्मदिन की बधाई देने के लिए पोएस गार्डन स्थित उनके आवास पर एकत्र हुए।

सुपरस्टार के कुछ प्रशंसकों ने मंदिरों में पूजा-अर्चना की तथा उनकी सफलता, स्वस्थ और दीर्घायु होने की प्रार्थना की।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने भी रजनीकांत को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

स्टालिन ने 'एक्स' पर लिखा, ‘‘मेरे प्रिय मित्र रजनीकांत को जन्मदिन की शुभकामनाएं। मेरी कामना है कि आप प्रसन्नता और संतुष्टि के साथ सफल फिल्में देकर लोगों को खुश करते रहें। ’’

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक मुख्यमंत्री ने अभिनेता को फोन कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

अभिनेता जूनियर एनटीआर ने अपने शुभकामना संदेश में लिखा, ‘‘ एकमात्र थलाइवर रजनीकांत सर को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। आपका करिश्मा आने वाली कई पीढ़ियों को प्रेरणा प्रदान करता रहेगा।’’

सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित तस्वीरों के मुताबिक रजनीकांत ने अपना जन्मदिन अपनी पत्नी लता और बेटियों ऐश्वर्या और सौंदर्या के साथ मनाया।

फिल्म निर्माण कंपनी लाइका प्रोडक्शंस ने मंगलवार को रजनीकांत की 170वीं फिल्म की घोषणा करते हुए फिल्म के नाम का ऐलान किया। अभिनेता की 170वीं फिल्म का नाम “वेट्टाइयां” होगा।

इस तमिल फिल्म की घोषणा मार्च में की गई थी। फिल्म का निर्देशन “जय भीम” से प्रसिद्धि पाने वाले टी.जे. ज्ञानवेल करेंगे।

प्रोडक्शन कंपनी ने रजनीकांत के 73वें जन्मदिन के अवसर पर फिल्म का शीर्षक टीजर साझा किया।

“वेट्टाइयां” में रजनीकांत प्रमुख भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म में अमिताभ बच्चन, फहद फासिल, राणा दग्गुबाती, रितिका सिंह, मंजू वारियर और दुशारा विजयन भी अहम किरदारों में दिखाई देंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 12, 2023 09:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).