देश की खबरें | राजस्थान को हरा-भरा बनाने में निभाएं सक्रिय भागीदारी : मुख्यमंत्री शर्मा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को कहा कि वन महोत्सव पर्यावरण एवं वृक्षों के संरक्षण के प्रति सरकार के उत्तरदायित्व का प्रतीक है और इसे जन आंदोलन का रूप दिया जा रहा है।
जयपुर, 27 जुलाई राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को कहा कि वन महोत्सव पर्यावरण एवं वृक्षों के संरक्षण के प्रति सरकार के उत्तरदायित्व का प्रतीक है और इसे जन आंदोलन का रूप दिया जा रहा है।
शर्मा ने कहा कि प्रत्येक प्रदेशवासी अपनी मां के नाम कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं, उसे परिवार का सदस्य मानकर देखभाल करें और हरियालो राजस्थान मिशन में सक्रिय भूमिका निभाएं।
मुख्यमंत्री ने रविवार को जयपुर के मदाऊ स्थित जगद्गुरु रामानंदाचार्य राजस्थान संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में 76वें वन महोत्सव को संबोधित करते हुए यह बात कही।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में आधे से ज्यादा बांध भर चुके हैं। यह पहली बार हुआ है कि बीसलपुर बांध जुलाई माह में ही भर गया। उन्होंने कहा कि आज किसान, मजदूर सहित सभी वर्ग खुशहाल हो रहे हैं और राजस्थान समृद्ध हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरित होकर राज्य सरकार ने पिछले साल हरियाली तीज के पर्व पर मिशन 'हरियालो राजस्थान' का शुभारंभ किया था। गत वर्ष राजस्थान में सात करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए थे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस साल 10 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। आज हरियाली तीज के पावन पर्व पर हम एक दिन में ढाई करोड़ पौधे लगाकर एक नया रिकॉर्ड बना रहे हैं।
शर्मा ने कहा कि हरियालो मिशन के तहत पांच साल में 50 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए पंचामृत की सौगात दी है, जिसमें भारत ने 2030 तक 500 गीगावाट अक्षय ऊर्जा उत्पादन और ऊर्जा की आधी जरूरतें अक्षय ऊर्जा से पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सामाजिक सरोकार के कार्य किए जा रहे हैं। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छ भारत मिशन और 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान जनता से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को स्वस्थ रखने में पर्यावरण संरक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका है और सरकार नयी पीढ़ी को पर्यावरण से जोड़ने के लिए अनवरत कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में जल और पर्यावरण संरक्षण की परम्परा पूरी दुनिया के लिए एक मिसाल है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न नगरीय क्षेत्रों में शुद्ध प्राणवायु के लिए नगर वन भी स्थापित किए जा रहे हैं। केन्द्र सरकार से 22 नगर वन स्थापित करने की स्वीकृति मिल चुकी है। इसके अलावा 18 अन्य नगर वनों की स्थापना के प्रस्ताव केंद्र सरकार को भिजवाए गए हैं।
शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में हरित क्षेत्र बढ़़ाने के क्रम में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। तीन हजार 500 से अधिक स्थानीय व्यक्तियों को वन मित्र बनाया गया है। वहीं, अरावली पर्वतमाला के संरक्षण और इसे हरा-भरा बनाने के लिए 250 करोड़ रुपये की हरित अरावली विकास परियोजना प्रारम्भ की है।
समारोह में मुख्यमंत्री ने सिंदूर का पौधा लगाया और ड्रोन के माध्यम से बीजारोपण भी किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 27, 2025 08:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

