देश की खबरें | पेपर लीक में शामिल परीक्षार्थियों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी: गहलोत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भर्ती परीक्षा के पेपर लीक होने को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए शनिवार को कहा कि इसमें शामिल परीक्षार्थियों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
जयपुर, 24 दिसंबर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भर्ती परीक्षा के पेपर लीक होने को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए शनिवार को कहा कि इसमें शामिल परीक्षार्थियों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
गहलोत ने कहा कि राजस्थान देश का एकमात्र राज्य है जिसने इस तरह के मामले में त्वरित व सख्त कार्रवाई की है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि शनिवार को रद्द किए गए पेपर की नई तारीख जल्द ही जारी कर दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि शनिवार को राजस्थान में द्वितीय श्रेणी शिक्षक भर्ती परीक्षा में सामान्य ज्ञान के पेपर से कुछ घंटे पहले पुलिस ने 44 लोगों को गिरफ्तार किया। गहलोत ने उक्त पेपर को निरस्त करने की घोषणा की।
गहलोत ने इस बारे में पूछे जाने पर यहां संवाददाताओं से कहा, 'पेपर लीक होना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। कई राज्यों में, सेना में, न्यायपालिका (राजस्थान) में पेपर लीक होने लगे हैं। बहुत ही चिंताजनक स्थिति है। राजस्थान वह पहला राज्य है देश में.. जिसने ऐसे लोगों को जेल में डाल रखा है।'
उन्होंने कहा, 'आज भी, यह हरकत करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। हमने हाल ही विधानसभा में एक कानून पारित किया है जिसके तहत ऐसे लोगों को सख्त सजा मिलेगी जरूरत पड़ी तो और कड़ा कानून बनाएंगे।'
मुख्यमंत्री ने कहा, 'दुर्भाग्य से कई ऐसे गिरोह बन गए हैं जो बच्चों को गुमराह करते हैं। जो बच्चे (परीक्षार्थी) इसमें शामिल पाए जाएंगे उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी जिससे भविष्य में बच्चे इस तरह के काम में शामिल नहीं हों ...पढ़ाई कर पास हों और नौकरी में जाएं।'
भारतीय जनता पार्टी द्वारा इस मुद्दे को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधे जाने पर गहलोत ने कहा, 'राजस्थान के अलावा भी कई राज्यों में पर्चे लीक हो रहे हैं लेकिन वहां कार्रवाई नहीं होती। राजस्थान वह राज्य है जहां कार्रवाई भी होती है। पर्चे लीक भी हुए तो कार्रवाई भी हुई, लोग अब भी जेलों में बैठे हैं। आज के मामले में हमने सख्त कार्रवाई करते हुए लोगों को गिरफ्तार किया है।'
उन्होंने कहा कि आज निरस्त किए गए पेपर की दुबारा परीक्षा भी जल्द ही करवाई जाएगी और उसकी नई तारीख जल्द ही जारी की जाएंगी।
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के बारे में गहलोत ने कहा, 'भारत जोड़ो यात्रा का जनता ने जो साथ दिया है वह बेमिसाल है। लोग समझ गए हैं कि महंगाई की मार बहुत बड़ी है सरकार ध्यान नहीं दे रही। बेरोजगारी बहुत भयंकर फैल चुकी है... (केंद्र) सरकार द्वारा कोई कदम नहीं उठाए जा रहे। देश में तनाव है, हिंसा का माहौल... वह समाप्त होना चाहिए। ...ये तीनों मुद्दे राहुल गांधी जी के शानदार हैं।’
उन्होंने कहा कि इस यात्रा से राहुल गांधी की नई छवि सामने आई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी जल्द ही अपना अधिवेशन बुलाएगी और इसमें चर्चा के बाद कई प्रस्ताव पारित होंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 24, 2022 06:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

