कोलकाता, चार सितंबर पश्चिम बंगाल स्थित यादवपुर विश्वविद्यालय (जेयू) के अधिकारियों को कथित तौर पर धमकी भरा पत्र भेजने के आरोप में ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर स्थित एक होटल से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि कथित पत्र डाक के जरिये विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार स्नेहमंजू बसु और संयुक्त रजिस्ट्रार संजय गोपाल सरकार को शुक्रवार को भेजा गया था। उसने बताया कि पत्र में दावा किया गया था कि परिसर में एक छात्र की मौत मामले में गिरफ्तार एक आरोपी को अगर कुछ होता है तो उनकी जान खतरे में पड़ जाएगी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान राणा रॉय के रूप में हुई है, जिसे कोलकाता पुलिस की एक टीम ने एक महिला से छेड़छाड़ से संबंधित एक अन्य मामले में भुवनेश्वर के होटल सन सिटी से गिरफ्तार किया था। उन्होंने बताया कि जेयू को भेजे गए धमकी भरे पत्र में भी उसकी संलिप्तता पाई गई।
पुलिस ने बताया कि उत्तरी कोलकाता के बेलगछिया की रहने वाली महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि रॉय ने उसका पीछा किया, अश्लील इशारे किये, गंदी-गंदी गालियां देने के साथ गले लगने की कोशिश की और एक अश्लील पत्र भेजा।
उसने बताया कि आरोपी सरकारी अधिकारी बनकर लोगों से 62 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने का भी आरोपी है।
पुलिस ने बताया कि धमकी भरा पत्र मिलने के बाद जेयू के रजिस्ट्रार ने इस्तीफा देने की पेशकश की लेकिन उन्हें ऐसा नहीं करने को कहा गया। बाद में मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
अगस्त में विश्वविद्यालय के छात्रावास में स्नातक प्रथम वर्ष के छात्र की मौत के मामले में वर्तमान और पूर्व छात्रों सहित बारह लोगों को गिरफ्तार किया गया था। पीड़ित के परिवार ने आरोप लगाया था कि वरिष्ठ छात्रों ने मौत से पहले छात्र के साथ रैगिंग की थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY