Nuh Violence: नूंह हिंसा के दौरान गोली चलाने का आरोपी गिरफ्तार
हरियाणा के नूंह में हुई सांप्रदायिक हिंसा के दौरान एक व्यक्ति पर गोली चलाने के आरोपी व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
गुरुग्राम, 14 सितंबर: हरियाणा के नूंह में हुई सांप्रदायिक हिंसा के दौरान एक व्यक्ति पर गोली चलाने के आरोपी व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि पुलिस ने सोहना सिटी पुलिस थाने में 31 जुलाई को दर्ज प्राथमिकी के आधार पर मोहम्मद कैफ को गिरफ्तार कर लिया.
नूंह में 31 जुलाई को विश्व हिंदू परिषद की जलाभिषेक यात्रा पर भीड़ ने हमला कर दिया था. हिंसा में छह लोगों की मौत हो गयी थी जिनमें से अधिकतर जलाभिषेक यात्रा पर हुए हमले के दौरान मारे गए. गुरुग्राम में एक मस्जिद पर हुए हमले में एक इमाम की मौत हो गयी थी.
पुलिस को दी अपनी शिकायत में सोहना के एक निवासी ने कहा कि उसे 31 जुलाई की शाम को एक जिम से लौटते वक्त पैर में चोट लगी थी. उसने कहा, ‘‘इलाज के दौरान पता चला कि मुझे पैर में गोली लगी है. कुछ अज्ञात लोगों ने सांप्रदायिक दंगों के दौरान मुझे मारने के इरादे से गोली मारी थी.’’
पुलिस प्रवक्ता सुभाष बोकेन ने कहा, ‘‘गिरफ्तार आरोपी की पहचान नूंह में लाहबस गांव निवासी मोहम्मद कैफ के रूप में हुई है. हम शहर की एक अदालत में उसे पेश करने के बाद उसका पुलिस रिमांड मांगेंगे.’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 14, 2023 11:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

