एजेंसी न्यूज

वर्तमान भारतीय टीम में संपूर्ण क्षेत्ररक्षक का अभाव : कैफ

कैफ से जब उनके जमाने की तुलना में भारतीय टीम के क्षेत्ररक्षण के बारे में पूछा गया तो उन्होंने वर्तमान टीम की कमजोरियों के बारे में बताया। अपने जमाने में युवराज सिंह प्वाइंट और कैफ एक्स्ट्रा कवर पर मुस्तैदी से खड़े रहते थे। इन दोनों ने अपने बल्लेबाजी कौशल के साथ साथ क्षेत्ररक्षण के कारण भी भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की की थी।

वर्तमान भारतीय टीम में संपूर्ण क्षेत्ररक्षक का अभाव : कैफ
जमात

नयी दिल्ली, 10 मई अपने जमाने के बेहतरीन क्षेत्ररक्षकों में से एक मोहम्मद कैफ का मानना है वर्तमान भारतीय टीम में उनके या युवराज सिंह जैसा कोई संपूर्ण क्षेत्ररक्षक नहीं है।

कैफ से जब उनके जमाने की तुलना में भारतीय टीम के क्षेत्ररक्षण के बारे में पूछा गया तो उन्होंने वर्तमान टीम की कमजोरियों के बारे में बताया। अपने जमाने में युवराज सिंह प्वाइंट और कैफ एक्स्ट्रा कवर पर मुस्तैदी से खड़े रहते थे। इन दोनों ने अपने बल्लेबाजी कौशल के साथ साथ क्षेत्ररक्षण के कारण भी भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की की थी।

कैफ ने यूट्यूब चैनल ‘स्पोर्टस्क्रीन’ से कहा, ‘‘संपूर्ण क्षेत्ररक्षक बनने के लिये आपको कैच लेने में माहिर बनना होगा, आपका निशाना सटीक होना चाहिए। आप तेज गति से भागने में सक्षम होना चाहिए और तेजी से निकलती गेंद को पकड़ने के लिये आपके पास सही तकनीक होनी चाहिए। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘जब हम खेला करते थे तो मैंने और युवराज ने क्षेत्ररक्षण के कारण भी अपनी छाप छोड़ी। आज आपको भारतीय टीम में कई अच्छे क्षेत्ररक्षक मिलेंगे लेकिन मुझे नहीं लगता कि आपको कोई ऐसा खिलाड़ी दिखेगा जो क्षेत्ररक्षक के रूप में ‘संपूर्ण पैकेज’ हो। ’’

कैफ ने कहा, ‘‘एक खिलाड़ी जो स्लिप में कैच ले सकता है, जो शार्ट लेग पर कैच ले सकता, जो तेज दौड़ने में माहिर हो और लांग आन बाउंड्री पर क्षेत्ररक्षण कर सकता हो। मुझे (वर्तमान टीम में) ऐसे खिलाड़ी की कमी लगती है। ’’

इस 39 वर्षीय क्रिकेटर ने कहा कि रविंद्र जडेजा उम्र बढ़ने के साथ बेहतर क्षेत्ररक्षक बनता जा रहा है लेकिन भारत की स्लिप में ‘कैचिंग’ में अब भी बहुत सुधार की संभावना है।

उन्होंने कहा, ‘‘रविंद्र जडेजा अच्छा क्षेत्ररक्षक है। असल में वह उम्र बढ़ने के साथ बेहतर होता जा रहा है। उसके क्षेत्ररक्षण में सुधार हो रहा है। लेकिन भारत का स्लिप का क्षेत्ररक्षण थोड़ा कमजोर है।’’

सीमित ओवरों की क्रिकेट में विराट कोहली और रोहित शर्मा में से सर्वश्रेष्ठ कौन की चर्चा के बारे में कैफ ने कहा कि अगर ये दोनों भिन्न टीमों से खेल रहे हों तो वह मुंबई के खिलाड़ी का खेल देखना पसंद करेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर किसी शहर में एक साथ दो मैच खेले जा रहे हों तथा एक में विराट और दूसरे में रोहित खेल रहा हो तो फिर मैं वह मैच देखने के लिये जाऊंगा जिसमें रोहित शर्मा खेल रहा होगा।’’

कैफ ने कहा, ‘‘निसंदेह विराट का टेस्ट और सीमित ओवरों की क्रिकेट दोनों में शानदार रिकार्ड है लेकिन रोहित की बल्लेबाजी में कलात्मकता है। वह ऐसा बल्लेबाज है जो गेंदों की धुनाई करता है और गेंदबाज को इसका अहसास भी नहीं होने देता। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 10, 2020 06:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).